हनुमानगढ़ : नहर हादसे में दो और युवकों के शव बरामद

2

हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के भिरानी थाना क्षेत्र में अजीतपुरा गांव के पास शुक्रवार रात्रि को बारातियों की बोलेरो गाड़ी नहर में गिरने के बाद लापता हुए दो युवकों के शव रविवार को बरामद कर लिये गए।

पुलिस, राज्य आपदा मोचन दल (एसडीआरएफ) और स्थानीय लोगों ने रासलाना वितरिका (नहर) में लगातार तलाशी अभियान चलाया। शनिवार सायं एक युवक अमित (21) का शव उतरादाबास गांव की रोही में मिला था, उसका पोस्टमार्टम करके शव परिजनों को सौंप दिया गया। पूर्वाह्न करीब 11 बजे रासलाना वितरिका के पुल के पास आशीष प्रजापत (21) और वाहन चालक मुकेश प्रजापत (24) के शव भी मिल गए। पुलिस ने बताया कि पुलिस ने दोनों शव राजकीय उपजिला चिकित्सालय भादरा में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिए।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार शाम को चुरू जिले के राजगढ़ उपखंड के कानावासी गांव से विजय गोस्वामी के पुत्र कुलदीप की बारात भिरानी थाना क्षेत्र के गांव सागड़ा जा रही थी। बारात की बोलेरो गाड़ी में पांच युवक सवार थे। अजीतपुरा गांव के पास गाड़ी अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई।

एक युवक अनुराग गाड़ी गिरते समय खिड़की से बाहर निकल गया और नहर किनारे पेड़ की टहनी पकड़कर बच गया। देर रात पुलिस ने गाड़ी बाहर निकाली तो उसमें अनुराग के भाई आशीष चब्बरवाल की लाश मिली, जबकि आशीष प्रजापत, मुकेश प्रजापत और अमित नहर में बह गए थे। अब तीनों के शव बरामद हो चुके हैं।

ट्रक से करीब 60 लाख रुपए कीमत का अवैध डोडा पोस्त बरामद

हनुमानगढ़ जिले के टाऊन थाना क्षेत्र में पुलिस ने रविवार को एक ट्रक से तीन क्विंटल से अधिक डोडा पोस्त बरामद कर चालक को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने बताया कि पुलिस दल ने सुबह गश्त के दौरान भारतमाला एक्सप्रेस राजमार्ग पर किशनपुरा दिखनदा के नजदीक चक 19- केएसपी में नाकाबंदी के दौरान पंजाब नंबर के ट्रक को रोका।

उन्होंने बताया कि उसकी तलाशी ली गई तो उसमें तीन क्विंटल 350 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने चालक कुलवंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। डोडा पोस्त की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपए बताई जा रही है।