अजमेर। हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अंतर्गत भाजपा शहर जिला अजमेर के निर्देशन पर सभी 13 मंडलों व सातों मोर्चों ने बुधवार को तिरंगा यात्रा निकाली। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। हर तरफ भारत माता के जयघोष की गूंज उठती रही। इसी तरह जिला महामंत्री किशन बांग के नेतृत्व में किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र के मदनगंज किशनगढ़ मंडल द्वारा भव्य तिरंगा रैली निकाली गई।
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर संगोष्ठी
भाजपा शहर अध्यक्ष रमेश सोनी ने बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर भागचंद सेठ की कोठी मेरवाड़ा स्टेट पर दोपहर 2:30 बजे केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी के मुख्य आतिथ्य में संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। मुख्य वक्ता कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत होंगे। इस अवसर पर पार्टी के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी साथ ही विभाजन विभीषिका का दंश झेल चुके सिंध प्रांत से आए लोग मौजूद रहेंगे।
तिरंगा सेल्फी और हर घर तिरंगा
हर घर तिरंगा अभियान के अन्तर्गत जिले के समस्त कार्यालयों एवं संस्थानों में गतिविधियां आयोजित की जाएगी। कलक्टर लोक बन्धु ने निर्देशित किया की जिले के समस्त जिला स्तरीय अधिकारी गुरूवार 14 अगस्त को अपने समस्त कार्यालयों एवं संस्थानों में हर घर तिरंगा अभियान का आयोजन सुनिश्चित करेंगे। हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला स्तर, ब्लॉक स्तर एवं ग्राम स्तर तक के कार्यालयों में कर्मचारी वालंटियर के रूप में रजिस्ट्रेशन करेंगे।
तिरंगा सेल्फी और हर घर तिरंगा की अन्य गतिविधियां का आयोजन किया जाएगा। इसमें आमजन भी अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएंगे। उनके द्वारा भी तिरंगा सेल्फी को पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। साथ ही इन सभी गतिविधियों की तस्वीरें एवं वीडियो https://harghartiranga.com पोर्टल पर अपलोड भी करेंगे। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा इन सभी गतिविधियों का आयोजन प्रत्येक विद्यालय में किया जाएगा।