फरीदाबाद। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने हरियाणा पुलिस के एक एक्सटेंडेड सहायक पुलिस निरीक्षक(ईएसआई) को दो लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
ब्यूरो ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है।
ब्यूरो के अनुसार शिकायतकर्ता हरियाणा पुलिस के सेवानिवृत्त ईएसआई हैं। वर्ष 2023 में थाना कैंप, पलवल में दर्ज हनी ट्रैप मामले में जांच के दौरान उनका नाम भी सह-आरोपियों के खुलासे के आधार पर शामिल किया गया था। वर्तमान में वह इस मामले में न्यायालय से जमानत पर हैं। आरोप है कि ईएसआई होशियार सिंह ने मामले में समझौता कराने के नाम पर उनसे दो लाख की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत की पुष्टि के बाद ब्यूरो अधिकारियों ने योजनाबद्ध ढंग से जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत की राशि लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। मामले की आगे की जांच जारी है।



