चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को महेंद्रगढ़ जिले के नांगल चौधरी क्षेत्र स्थित नवनिर्मित एकीकृत मल्टी-मोडल लॉजिस्टिक्स हब (आईएमएलएच) के रेल यार्ड से पहली मालगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
करीब 280 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस रेल संपर्क के शुरू होने से हरियाणा के लॉजिस्टिक्स बुनियादी ढांचे को बड़ी मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कदम हरियाणा को देश के अग्रणी लॉजिस्टिक्स नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है।
उन्होंने बताया कि परियोजना के पहले चरण को करीब 408 एकड़ में 1,300 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है। परियोजना के पूरी तरह चालू होने पर इसकी वार्षिक क्षमता करीब 20 लाख कंटेनरों को संभालने की होगी, जिससे ऑटोमोबाइल, मशीनरी, कपड़ा और कृषि उत्पाद जैसे क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा।
सैनी ने कहा कि नांगल चौधरी हब रेल और सड़क संपर्क को एकीकृत करता है। इससे पश्चिमी बंदरगाहों से एनसीआर तक माल की आवाजाही तेज, सुगम और कम लागत वाली होगी। इस हब के शुरू होने से क्षेत्र में रोजगार और व्यापार के नये अवसर पैदा होंगे। सरकार ने इसके लिए बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध करा दी हैं।
मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों और निवेशकों से सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत आगे आने और हरियाणा के औद्योगिक विकास में भागीदार बनने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, नारनौल विधायक ओम प्रकाश यादव और महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।



