श्रीगंगानगर में किसान के लाखों रुपए हड़पने का आरोपी हवलदार निलंबित

0

श्रीगंगानगर। राजस्थान श्रीगंगानगर जिले में घमूडवाली पुलिस थाना के एक हवलदार महेंद्र को पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने निलंबित कर दिया है। इस हवलदार पर एक किसान से कुछ लोगों द्वारा ठगी गई 15 लाख की राशि बरामद करने के बाद उसे वापस नहीं करने की बजाय इसका एक बड़ा हिस्सा खुद हड़प करने का आरोप है। यह हवलदार कथित रूप से पिछले कई दिनों से छुट्टी लेकर लापता भी है।

पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने शुक्रवार को बताया कि उन्होंने इस प्रकरण से संबंधित पत्रावली और थाना प्रभारी से रिपोर्ट तलब की है। हवलदार को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अगर आरोप सही पाए गए तो हवलदार के खिलाफ और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि वामपंथी दलों के नेताओं ने दो दिन पूर्व पदमपुर में एक प्रेस वार्ता करके इस पूरे मामले का खुलासा किया था। माकपा नेताओं ने बताया था कि 15 सितम्बर 2025 को चक 34 एलएनपी निवासी टीकूराम खिलेरी से कुछ लोगों ने जान पहचान बढ़ाकर अपने ठेकेदारी के कारोबार में हिस्सेदार बनाने के नाम पर 15 लाख रुपए की राशि ठग ली।

टीकूराम ने पुलिस थाना घमूड़वाली में परिवाद दिया। हवलदार महेंद्रकुमार ने 10 दिन में ठगी की रकम बरामद करने एवं दोषियों पर कार्रवाई करने की बात कही। माकपा नेताओं ने बताया कि 15 लाख रुपए की बरामदगी के बावजूद हवलदार ने अपने परिचित राजेशकुमार के जरिए टीकूराम को सिर्फ तीन लाख 45 हजार रुपए दिए। बाकी रुपए उसने अपने बेटे को विदेश भेजने और अपनी पत्नी के जेवरात बैंक से छुड़वाने में खर्च होना बताया दिया।

टीकूराम ने थाने के चक्कर लगाने के बाद भी जब कुछ नहीं हासिल हुआ। इस मामले को लेकर वामपंथी दलों ने 30 मार्च को पुलिस अधीक्षक ऑफिस पर प्रदर्शन करने की घोषणा की हुई है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अगर वास्तव में हवलदार ने उक्त रूपों का उपयोग अपनी पत्नी के जेवरात छुड़वाने और बेटे को विदेश भेजने पर खर्च किए हैं तो यह मामला भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को स्थानांतरित किया जा सकता है।