तंजावुरमें टीवीके विजय की पार्टी में नाचने के आरोप में प्रधानाध्यापिका निलंबित

0

चेन्नई। तमिलनाडु के तंजावुर जिले में शंकरनाथकुडिकडु पंचायत यूनियन प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका को सरकारी सेवा नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

58 वर्षीय प्रधानाध्यापिका कृष्णावेनी को जिले के ओरथानाडु में अभिनेता-राजनेता विजय के तमिलगा वेट्री कज़गम (टीवीके) द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में एक फिल्मी गाने पर नृत्य करने के लिए निलंबित किया गया। यह कार्यक्रम अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था।

इस घटना का वीडियो और प्रधानाध्यापिका का मंच पर फिल्मी गाने की धुन पर नृत्य करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद उनके इस कृत्य पर आपत्ति व्यक्त करने वाली याचिकाओं के मद्देनजर स्कूल शिक्षा विभाग ने उन्हें निलंबित कर दिया।

टीवीके की पोनराज के खिलाफ कार्रवाई की मांग

तमिलगा वेट्री कज़गम (टीवीके) के संस्थापक-अध्यक्ष और अभिनेता से नेता बने विजय ने टीवीके समर्थक महिलाओं के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी करने पर कड़ी आपत्ति व्यक्त की। उन्होंने पुलिस महानिदेशक से शिकायत दर्ज की है और दिवंगत राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के वैज्ञानिक सलाहकार रहे वी. पोनराज के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

विजय ने पूर्व मंत्री केए सेंगट्टैयान के साथ, जो अन्नाद्रमुक से निष्कासन के बाद टीवीके में शामिल हुए हैं, गुरुवार शाम डीजीपी कार्यालय गए और शिकायत दर्ज की। अपनी शिकायत में विजय ने दावा किया कि सत्तारूढ़ द्रमुक के समर्थक बताए जाने वाले पोनराज ने टीवीके का समर्थन करने वाली महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया था।