अलवर में दो ट्रेलरों की टक्कर में खलासी की मौत, चालक घायल

0

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के बड़ौदामेव थाना क्षेत्र में बुधवार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर दो ट्रेलरों की टक्कर से एक ट्रेलर के खलासी की मौत हो गई जबकि चालक घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह खोरपुरी के पास सीमेंट से भरा तेज रफ्तार ट्रेलर ने आगे जा रहे ट्रेलर के पीछे टकर मार दी। इससे खलासी राशिद की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं ट्रेलर चालक बंटी साहू गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) का दल और पुलिस मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस ने शव बड़ौदामेव सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखवाया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।