पश्चिम एशिया संकट के कारण हिंदुस्तान पेट्रोलियम को 17,446 करोड़ रुपए का कर पूर्व नुकसान

0

नई दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनी हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) को पश्चिम एशिया संकट के कारण चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में एकल आधार पर 17,446 करोड़ रुपए का कर पूर्व नुकसान हुआ है।

हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने बुधवार को निदेशकमंडल की बैठक के बाद वित्तीय परिणामों को मंजूरी प्रदान की। इसमें बताया गया है कि अप्रैल-जून 2026 की तिमाही में कंपनी की कुल आय 1,46,407 करोड़ रुपये रही। इस दौरान उसका कुल व्यय बढ़कर 1,63,853 करोड़ रुपए हो गया। इस प्रकार कर पूर्व नुकसान 17,446 करोड़ रुपए हुआ। कंपनी पर 5,920 करोड़ रुपए की कर की देनदारी टाल दी गई है जिससे उसका शुद्ध नुकसान 11,526 करोड़ रुपए रह गया।

कंपनी की बैलेंसशीट से स्पष्ट है कि नुकसान का मूल कारण पश्चिम एशिया संकट के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल है। कच्चे माल की लागत एक साल पहले के 36,543 करोड़ रुपए से बढ़कर 63,562 करोड़ रुपए पर पहुंच गई। साथ ही अन्य जरूरी वस्तुओं की खरीद पर खर्च 59,426 करोड़ रुपए से बढ़कर 91,983 करोड़ रुपए हो गया।

वहीं, भंडार में तैयार माल की कीमत बढ़ने से कंपनी को 4,402 करोड़ रुपए का लाभ हुआ जबकि केंद्र सरकार द्वारा उत्पाद शुल्क घटाने से इस मद में उसका खर्च एक साल पहले के 9,368 करोड़ रुपए से कम होकर 4,641 करोड़ रुपए रह गया। कंपनी ने बताया कि उसकी रिफाइनरियों ने तिमाही में 65.2 लाख टन कच्चे तेल का शोधन किया जो उसकी क्षमता का 107 प्रतिशत है।