होली मिलन समारोह में फूलों की होली से बिखरा प्रेम का रंग

0

अजमेर। अजमेर में प्रेम, भाईचारे और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला, जब प्रेम प्रकाश आश्रम और आदर्श सिंधी पंचायत आदर्श नगर के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को सिंधी मंदिर प्रांगण में होली मिलन समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि होली केवल फूलों से खेली गई, जिससे वातावरण पूरी तरह सुगंधित और आध्यात्मिक रंग में रंग गया।

समारोह में पंचायत के सभी परिवारों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उपस्थित जनों ने प्रेम प्रकाश आश्रम के मुख्य ट्रस्टी दादा नारायण दास एवं आदर्श सिंधी पंचायत के अध्यक्ष दादा गुरबक्ष मीरानी को होली की शुभकामनाएं अर्पित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम के पश्चात मंदिर प्रांगण में ही सभी सदस्यों के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई, जिसमें पारंपरिक सिंधी घीयर, समोसा और ठंडाई वितरित की गई। ढोल की थाप पर महिलाओं और पुरुषों ने उत्साहपूर्वक नृत्य कर माहौल को और भी रंगीन बना दिया।