नई दिल्ली। होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया ने शुक्रवार को भारतीय बाजार के लिए 10 नई मोटरसाइकिलों और स्कूटरों का विस्तारित पोर्टफोलियो पेश किया जिनमें सात बिल्कुल नए मॉडल है जबकि तीन मॉडल नए रंग विकल्पों के साथ अपडेट किए गए हैं।
कंपनी ने बताया कि यह लाइनअप क्रूज़िंग, एडवेंचर टूरिंग, रोडस्टर, लाइफस्टाइल राइडिंग, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक जैसे विभिन्न सेगमेंट्स को कवर करता है। इन मॉडलों का स्थानीयकरण कंपनी की यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे देश में उत्पाद विकास, इंजीनियरिंग और विनिर्माण क्षमताओं को और मजबूत किया जाएगा। साथ ही, ग्राहकों को होंडा की वैश्विक तकनीकों तक अधिक पहुंच मिलेगी।
नये मॉडलों में होंडा एडीवी 160, होंडा सीबी 500, होंडा रिबेल 300, होंडा रिबेल 500, होंडा एक्सआर 300एल तथा होंडा एक्सआर 300 रैली मोटरसाइकिल और होंडा क्यूसी3 स्कूटर शामिल हैं। वहीं, होंडा सीबी350 रेंज में नए रंग विकल्पों के साथ तीन नए मॉडल पेश किए गए हैं।
होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी त्सुत्सुमु ओतानी ने कहा कि भारत होंडा के लिए दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण बाजारों में से एक है। यह 10-उत्पादों का पोर्टफोलियो ग्राहकों को व्यापक परिवहन समाधान प्रदान करता है।
इसमें आधुनिक पेट्रोल इंजन, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और फ्लेक्स-फ्यूल के विकल्प शामिल हैं। साथ ही, हम मेक इन इंडिया फॉर द वर्ल्ड के अपने संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं, जिससे भारत वैश्विक उत्पादन और निर्यात केंद्र के रूप में और अधिक मजबूत होगा।



