श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर शहर में रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई। जवाहरनगर थाना क्षेत्र में सब्जियों से भरे एक कैंटर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतकों की पहचान दीपक धाणक (27) और मोनू उर्फ आदित्य (24) के रूप में हुई है। दोनों रविवार रात करीब 12 बजे मोटरसाइकिल पर मास्टर कॉलोनी की ओर से आ रहे थे। जैसे ही वे मौसम विभाग मार्ग पर पहुंचे, ओवरब्रिज की तरफ से आ रहे सब्जियों से भरे कैंटर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की, लेकिन दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी।
पुलिस ने शुरू की जांच
जवाहरनगर थाना पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस कैंटर चालक की भूमिका और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। दो युवकों की असमय मौत से उनके परिवारों और परिचितों में दुख व्याप्त है।



