निकाय चुनाव में कांग्रेस के बोर्ड बनेंगे तो भाजपा की आएगी अक्ल ठिकाने : अशोक गहलोत

0

उदयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुटता का मंत्र देते हुए प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर जनविरोधी नीतियों, विकास कार्यों को ठप करने और भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर हमला बोला और कहा कि निकाय चुनाव में कांग्रेस के बोर्ड बनेंगे तो भाजपा की अक्ल ठिकाने आएगी।

गहलोत उदयपुर में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाते हुए दावा किया कि वर्तमान में प्रदेश की जनता भाजपा के कुशासन से बेहद परेशान और आक्रोशित है तथा कांग्रेस के समय की जनहित की योजनाओं को याद कर रही है, जिसके कारण पूरे राजस्थान में कांग्रेस के पक्ष में शानदार माहौल बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि आगामी निकाय चुनाव लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, इसलिए कार्यकर्ता एकजुटता के साथ मैदान में उतरें और भाजपा को सबक सिखायें। निकाय चुनावों में दावेदारी काे लेकर कहा कि टिकट केवल उसी कार्यकर्ता को मिलेगा जो धरातल पर मजबूत होगा और जिसके जीतने की संभावना सर्वाधिक होगी।

उन्होंने कहा कि अगर मान लो टिकट मिलने के बाद में ही झगड़े शुरू हो जाएं, तो आप सोच लीजिए बोर्ड कैसे बनेगा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा वाले तो झगड़ा करवाने के लिए तैयार बैठे हैं। भाजपा ने परिसीमन में धांधली की है, लेकिन जनता के समर्थन से कांग्रेस का बोर्ड बनेगा।

गहलोत ने केंद्र सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस कारण आज लोकतंत्र, संविधान भारी दबाव में हैं और इस तानाशाही का मुकाबला कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी नेता राहुल गांधी पूरी निडरता से कर रहे हैं। ऐसे में स्थानीय स्तर पर कांग्रेस को भारी बहुमत से विजयी बनाकर राष्ट्रीय स्तर पर चल रही लोकतंत्र को बचाने की इस लड़ाई को मजबूती प्रदान करनी है।