नई दिल्ली। दिल्ली और आसपास के शहरों में सीएनजी की आपूर्ति करने वाली सिटी गैस वितरण कंपनी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने शनिवार से इसके दाम 3.89 रुपए प्रति किलोग्राम बढ़ा दिए हैं।
आईजीएल की वेबसाइट के अनुसार आज से दिल्ली में सीएनजी 86.98 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया है। पहले इसकी कीमत 83.09 रुपए थी। इससे पहले आखिरी बार सीएनजी की कीमत इस साल 26 मई को दो रुपए बढ़ाई गई थी। मई में चार बार में सीएनजी की कीमत छह रुपए बढ़ी थी।
दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में एक किलोग्राम सीएनजी आज से 95.59 रुपए का हो गया है। गुरुग्राम में इसकी कीमत अब 92.01 रुपए हो गई है।
अब मुजफ्फरनगर, मेरठ और शामली में सीएनजी 95.47 रुपए प्रति किग्रा, रेवाड़ी में 91.59 रुपए, करनाल में 91.32 रुपए, कैथल में 32.32 रुपए तथा कानपुर, हमीरपुर और फतेहपुर में 98.31 रुपए प्रति किग्रा के भाव मिलेगी।
अजमेर, पाली और राजसमंद में अब सीएनजी की कीमत 96.33 रुपए, मोहाबा, बांदा और चित्रकूट में 93.31 रुपए, हापुड़ में 96.59 रुपए तथा गौतमबुद्ध नगर और ग्रेटर नोएडा में 95.59 रुपए प्रति किलोग्राम होगी।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम एशिया संकट के बीच आपूर्ति बाधित होने से घरेलू बाजार में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के खुदरा दाम काफी बढ़ गए हैं। हालांकि सीएनजी के दाम इस बार तीन महीने बाद बढ़ाए गए हैं।
आपूर्ति संबंधी बाधा के अलावा डॉलर के मुकाबले रुपए का कमजोर पड़ना भी एक कारण है। भारत कच्चे तेल और गैस का शुद्ध आयातक है। इसलिए, विनिमय दर का सीधा असर कीमतों पर पड़ता है।



