इग्नू का 39वां दीक्षांत समारोह : 324835 विद्यार्थियों को प्रदान की उपाधियां

0

जयपुर। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के 39वें दीक्षांत समारोह का आयोजन मंगलवार को मुख्यालय एवं समस्त क्षेत्रीय केन्द्रों पर एक साथ आयोजित किया गया। जिसका मुख्य समारोह इग्नू मुख्यालय नई दिल्ली में हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि माननीय उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और विशिष्ट अतिथि दिल्ली के राज्यपाल तरनजीत सिंह संधू रहे। इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र जयपुर का दीक्षांत समारोह एआईसीटीई जयपुर के सभागर में सम्पन्न हुआ। दीक्षान्त समारोह में विशिष्ट अतिथि उपमुख्यमंत्री डाॅ. प्रेमचन्द्र बैरवा रहे।

इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र जयपुर की वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेषक डाॅ. ममता भाटिया ने अतिथियों का स्वागत किया तथा वार्षिक रिर्पोट प्रस्तुत करते हुए कहा कि इग्नू जन-जन तक उच्च शिक्षा पहुंचाने के लिए सतत् प्रयासरत है। इग्नू का मुख्य उदेश्य गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा को घर-घर पहुंचाने के साथ-साथ, जो विद्यार्थी किन्ही अभावों के कारण अपनी शिक्षा को बीच में छ़ोड़ देते हैं, उन्हें भी उच्च शिक्षा से जोड़ना है। आज इग्नू का प्रत्येक छात्र इग्नू के राजदूत की भूमिका निभा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र जयपुर को 2025 में राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ क्षेत्रीय केन्द्र पुरस्कार प्रदान किया गया।

इनको मिला पदक

इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र जयपुर में दीक्षांत समारोह में विषिष्ट अतिथि उपमुख्यमंत्री डाॅ. प्रेमचन्द्र बैरवा नेस्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले तीन विद्यार्थियों में से रमेश गर्ग को मास्टर आफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बैंकिंग और वित्त), साना फूटेला को बैचलर आफ आर्टस आनर्स राजनीति विज्ञान और कान्हा परनामी को मास्टर आफ आर्ट्स इन फ्रेंच में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए स्वर्ण पदक से अंलकृत किया। दीक्षांत समारोह में कुल 324835 विद्यार्थियों में से क्षेत्रीय केन्द्र जयपुर के 13916 विद्यार्थियों को विभिन्न कार्यक्रमों में उपाधियां दी गई।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बैरवा ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी बौद्धिक क्षमता को बढ़ाना चाहिए। इसके लिए उन्हें निर्धारित पाठ्यपुस्तकों के अतिरिक्त ज्ञान का भी अर्जन करना चाहिए।

उन्होने कहा कि विश्वविद्यालय आज जेल में बंदियों को जो शिक्षा प्रदान करने का कार्य कर रहा है, वह मील का पत्थर साबित हो रहा है। शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय का एक महत्वपूर्ण योगदान है। क्षेत्रीय केन्द्र जयपुर भी उसी तर्ज पर राजस्थान राज्य में दूर-दराज के स्थानों, गांव एवं ढाणियों में विद्यार्थियों तक शिक्षा पहुंचा रहा है। शिक्षा की ज्योति से अज्ञान रूपी अंधकार में ज्ञान रूपी प्रकाशफैलता है। यह न केवल ज्ञानार्जन का साधन है, बल्कि यह समाज में न्याय, समानता को प्राप्त करने का माध्यम भी है।

उन्होंने कहा कि आपको प्रदान की जाने वाली डिग्रीयां, सिर्फ डिग्री या सर्टिफिकेट नहीं है, बल्कि आगामी वर्षों में विकसित भारत के विकास की बागडोर है। इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी आज महिलाओं के लिए शिक्षा का कारगर माध्यम बन गया है, क्योंकि महिलाएं अपनी सुविधा के अनुसार इग्नू से पढाई कर सकती हैं।

सहायक कुलसचिव डाॅ. पवन कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया। दीक्षान्त समारोह कार्यक्रम का संचालन उपनिदेशक डाॅ. इन्दू रवि ने किया। कार्यक्रम में सहायक क्षेत्रीय निदेशक डाॅ. राममूर्ति मीना, सहायक क्षेत्रीय निदेशक डाॅ. शेरसिंह, डाॅ. सहायक क्षेत्रीय निदेश कमलेश मीना समेत इग्नू क्षेत्रीय एवं विभिन्न अध्ययन केन्द्रों के सदस्य भी उपस्थित रहे।