भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के आसींद थाना क्षेत्र में पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-148 पर एक संदिग्ध कंटेनर ट्रक से 249 पेटियां अवैध शराब की बरामद की हैं।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि तस्कर चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब कंटेनर में छुपाकर ले जा जा रहे थे। रविवार रात में पुलिस दल रात्रिकालीन गश्त पर था। गश्त के दौरान एक संदिग्ध ट्रक कंटेनर को पुलिस दल ने रुकने का प्रयास किया, तो चालक ने रुकने के बजाए कंटेनर की रफ्तार बढ़ा दी और उसे तेजी से भीम की तरफ भगाने लगा। इस पर गश्ती दल ने तुरंत थाने से अतिरिक्त पुलिस बल की मदद मांगी।
पुलिस ने बताया कि पुलिस के पीछा करने पर चालक वाहन को बामणी चौराहे पर सड़क किनारे खड़ा करके भाग खड़ा हुआ। इसके बाद पुलिस ने कंटेनर के पिछले हिस्से में तलाशी ली तो उसमें अवैध शराब की कुल 249 पेटियां बरामद हुई। इनकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपए आंकी गई है।
पिकअप-कार की भिड़ंत में 10 लोग घायल
भीलवाड़ा जिले के बिगोद थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 758 पर सोमवार को पिकअप और कार की भिड़ंत में महिलायें और बालिकाओं सहित 10 लोग घायल हो गए। थाना प्रभारी जय सुल्तान ने बताया कि बिगोद-सवाईपुर रोड़ पर ईच्छा मणी होटल के पास दोपहर में बिगोद से सवाईपुर की तरफ जा रही एक पिकअप विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार से टकरा गई। इससे पूजा (22), लहरी देवी (50), अनुसूया (17), प्रहलाद (38), खुशी (12), कोमल (17), अपूर्वी (16), लाली देवी (55), प्रेम देवी (60) और कार चालक पारस जैन (40) घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि घायलों को तुरंत बिगोद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को भीलवाड़ा जिला चिकित्सालय भेज दिया गया। सुल्तान ने बताया कि पिकअप में सवार लोग बड़लियास थाना क्षेत्र के होलिरड़ा गांव के रहने वाले हैं। यह परिवार रलायता गांव में आयोजित एक मुंडन संस्कार के कार्यक्रम में शामिल होने गया था। सोमवार को पूरा परिवार कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वापस अपने गांव होलिरड़ा लौट रहा था, इसी दौरान बीच रास्ते में यह हादसा घटित हो गया।
ट्रेलर की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत
भीलवाड़ा जिले के पुर थाना क्षेत्र में सोमवार को ट्रेलर की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि राक्षी गांव का निवासी आजाद मोहम्मद (38) एक वाहन में सामान लादकर फैक्ट्री के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में पांसल पालना देवनारायण मंदिर के नजदीक उसने अपने वाहन को सड़क के किनारे खड़ा किया और हाथ में बोतल लेकर पानी भरने के लिए सड़क के दूसरी ओर गया। वहां से वाहन की तरफ लौटते समय अचानक चित्तौड़गढ़ की ओर से तेज रफ्तार में आए एक अनियंत्रित ट्रेलर ने उसे चपेट में ले लिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।



