श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में पुलिस ने कल देर रात तीन व्यक्तियों को अवैध रूप से अफीम और पोस्त रखने के आरोप में गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने शनिवार को बताया कि राजियासर थाना क्षेत्र में पुलिस दल ने सूरतगढ़-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग 62 पर श्रीविजयनगर फांटा के समीप हरविंदरसिंह उर्फ पप्पू (30), निवासी दरवेशके थाना सदर फिरोजपुर पंजाब को गिरफ्तार किया। उसके पास से 11 किलो 100 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया।
उन्हाेंने बताया कि घमूडवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने अनिल (30) और साहबराम उर्फ साहिल (22) को गिरफ्तार करके उनसे 24 ग्राम अफीम बरामद की।
सब्जी विक्रेता को लूटकर बदमाश फरार
श्रीगंगानगर के जवाहरनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सुबह एक सब्जी विक्रेता को दो बदमाश घायल करके उससे नकदी लूटकर फरार हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि हमले में घायल हुए सब्जी विक्रेता निर्मलसिंह धोबी को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उसके द्वारा दिए गए बयान के आधार पर दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मारपीट करके 18 हजार रुपए लूटने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि निर्मलसिंह रोजाना की तरह फल सब्जी खरीदने सुबह पांच घर से निकला था। इंदिरा कॉलोनी की में रोड पर वह जैसे ही सरकारी स्कूल के नजदीक पहुंचा वहां छुपे दो युवकों ने अचानक उस पर हमला कर दिया। उसे लाठी-डंडों से घायल करके 18 हजार रुपए छीनकर भाग गए।



