सिरोही:तिरंगा यात्रा थी या नौकरी, समय समाप्त होते ही श्रोताओं को तरसे मंत्री

सिरोही में भाजपा की तिरंगा यात्रा के बाद सभा में खाली पंडाल में भाषण देते प्रभारी मंत्री केके बिश्नोई।

सबगुरु न्यूज -सिरोही। भाजपा ने सोमवार को जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा निकाली। ऑपरेशन सिंदूर को लेकर निकाली इस तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों का व्यवहार स्कूल के बच्चों और ड्यूटी पर जाने वाले लोगों जैसा रहा। जिसने भाजपा नेताओं को सकते में डाल दिया। यात्रा खत्म होने के बाद रामझरोखा मैदान पर सभा थी। इसके लिए लंबा चौड़ा पांडाल और मंच सजाया गया था। लेकिन रैली खत्म होते ही रैली में शामिल महिलाएं, बच्चे, युवा तुरंत ही समूह बनाकर लौटने लगे। ऐसे में भाजपा नेताओं को सुनने वाले लोगों का भी टोटा हो गया। नगर परिषद, नर्सिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, रुड़सेटी आदि जगह सिर्फ भाजपा की नवगठित 18 कार्यकारणी भी मेहनत कर लेती तो मंत्री केके बिश्नोई को सभा में श्रोताओं का टोटा नहीं पड़ता।
-भाजपा नेताओं के अलावा ये लोग
रैली शुरू होने से पहले संचालक जो बोल रहे थे उसके अनुसार इस रैली में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का वोकेशनल ट्रेनिंग का प्रकल्प रूडसेटी की प्रशिक्षणार्थी थी। विद्यार्थी थे, इनकी ड्रेस और गले में लटके आई कार्ड के अनुसार ये मेडिकल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज के प्रतीत हो रहे थे। इसके अलावा महिलाओं की खासी तादाद थी। इस रैली में शामिल लोगों की संख्या में तीन चौथाई संख्या इन महिलाओं की ही थी। कांग्रेस पर नरेगा मजदूरों के माध्यम से भीड़ जुटने का आरोप लगाने वाली भाजपा पर कांग्रेसी ये तंज मारते दिखे कि इन्होंने भी तो शहरी नरेगा की महिलाएं एकत्रित की हैं। पुलिसकर्मियों को संख्या इतनी थी जो शांतिपूर्ण रैली के बंदोबस्त की बजाय इसकी हिस्सा ज्यादा प्रतीत हो रही थी। अब दिन भर की पढ़ाई और कम से बोझिल होने के बाद हर आदमी का हाल वैसा ही हो जाता हैं जैसा छुट्टी की घंटी बजते ही स्कूलों में बच्चों का हाल। तो जैसे ही रैली खत्म हुई तो इसमें शामिल सब लोग बंदूक से छूटी गोली को तरह अपने अपने गंतव्य को निकल लिए।
– हजार लोग तो मिल ही जाते
हाल ही में भाजपा ने अपने 18 मंडलों की कार्यकारिणी घोषित कर दी है। प्रत्येक मंडल में अध्यक्ष के साथ 62 लोगों की कार्यकारिणी घोषित की गई है। इनमें 22 पदाधिकारी और 40 सदस्य हैं। यानि 18 मंडलों के कुल एक हजार 116 लोग तो अकेले मंडलों के पदाधिकारी और सदस्य ही होते हैं। इनमें से आधे भी इस जिला स्तरीय रैली में आते तो रैली समापन के बाद इन नेताओं को कम से कम 500 श्रोता तो मिल हो जाते। रामझरोखा मैदान भी भरा भरा लगता। रैली में मुख्य कार्यकारिणी भी पूरी संख्या में आ जाते तो सिर्फ इन 18 मंडलों के ही 396 श्रोता मंत्री को सुनने को मिल जाते।

 

भाजपा ने भारतीय सेना के सम्मान में सिरोही में निकाली जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा….

 

भाजपा ने भारतीय सेना के सम्मान में सिरोही में निकाली जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा