जयपुर। भारतीय किसान संघ के प्रदेश कार्यालय पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि वायु सेना से सेवानिवृत्त डाल सिंह रहे। उन्होंने कहा कि देश की सेना पहले और अब के समय में काफी परिवर्तनशील हो चुकी है। आज सरकार ने सेना को खुली छूट देकर उसे मजबूत बनाया है, जिससे देश की सीमाएं और अधिक सुरक्षित हुई हैं।
किसान संघ के प्रांत सह प्रचार प्रमुख डॉ. लोकेश कुमार चंदेल ने बताया कि कार्यक्रम में संगठन से जुड़े विभिन्न पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। थल सेना से गोपाल सिंह, प्रदेश कार्यालय प्रमुख कर्ण सिंह, प्रांत अध्यक्ष कालूराम बागड़ा, प्रदेश उपाध्यक्ष छोगा लाल, राष्ट्रीय महिला प्रमुख मंजू दीक्षित, प्रदेश प्रचार प्रमुख राजीव दीक्षित, प्रांत संगठन मंत्री नीरज, महानगर अध्यक्ष प्रह्लाद चौधरी, महानगर मंत्री त्रिलोक सिंह करड़, सह मंत्री प्रेमराज और मोहित सैनी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति के नारे लगाए गए और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद किया गया। सभी ने एक स्वर में देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता की रक्षा का संकल्प लिया। इस मौके पर राष्ट्रगान गूंजा और मिठाई वितरण कर सभी ने राष्ट्रीय पर्व का उत्सव मनाया।