इशान किशन और तिलक वर्मा के आतिशी अर्धशतकों से भारत ने जीती टी-20 सीरीज

0

जिम्बाब्वे को 90 रनों से दी शिकस्त
हरारे। इशान किशन (81) और तिलक वर्मा (नाबाद 60) की शानदार अर्धशतकीय पारियों के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत भारत ने शनिवार को दूसरे टी-20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 90 रनों से शिकस्त दी। इसी के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली है।

220 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे के लिए ब्रायन बेनेट ने तेज शुरुआत दिलाई। जिम्बाब्वे को पहला झटका यश ठाकुर ने चौथे ओवर में ब्रायन बेनेट (32) को आउट कर दिया। इसके बाद जिम्बाब्वे के बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के आगे लगातार विकेट गंवाते रहे। अगले ही ओवर में प्रिंस यादव ने बेन करन (एक) को आउट कर पवेलियन भेज दिया।

छठे ओवर में रवि बिश्नोई ने डिओन मेयर्स (12)रन को बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। कप्तान सिकंदर रजा (शून्य), वेस्ली मधेवेरे (दो), रायन बर्ल (20), ब्रैड एवंस (19) और न्यूमैन न्यामहुरी (तीन) रन बनाकर आउट हुए। 17वें ओवर की पहली गेंद पर यश ठाकुर ने तडिवनाशे मारुमानी (24) को आउट कर भारत को नौवीं सफलता दिलाई। 18वें ओवर की पांचवीं गेंद पर अभिषेक शर्मा ने रिचर्ड अंगारावा (एक) रन को आउट कर जिम्बाब्वे की पारी का 129 रन के स्कोर पर अंत कर दिया।

भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने 2.5 ओवरों 17 रन देकर तीन विकेट लिए। यश ठाकुर और प्रिंस यादव को दो-दो विकेट मिले। रवि बिश्नोई, तिलक वर्मा और शिवम दुबे ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। बल्लेबाजी करने उतरी भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 29 रन के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। अभिषेक शर्मा (आठ) को ब्लेसिंग मुजारबानी ने आउट किया। वहीं विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (20) को रिचर्ड अंगारावा का शिकार बने। वैभव ने अपनी इस पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया।

इसके बाद इशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर की जोड़ी ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 66 रनों की साझेदारी हुई। 10वें ओवर में ब्रायन बेनेट ने श्रेयस अय्यर को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। अय्यर ने 20 गेंदों में चार चौकों की मदद से (25) रन बनाए।

18वें ओवर में न्यूमैन न्यामहुरी ने शतक की ओर बढ़ रहे इशान किशन को आउट कर पवेलियन भेज दिया। इशान किशन ने 44 गेंदों में नौ चौके और दो छक्के उड़ाते हुए (81) रनों की पारी खेली। रिंकू सिंह (12) 20वें ओवर में पांच विकेट के रूप में आउट हुए।

भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 219 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। तिलक वर्मा ने 29 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए (नाबाद 60) रनों की पारी खेली। शिवम दुबे (छह) रन बनाकर नाबाद रहे।