अंतरिम बजट 2024 : रेल मंत्री बोले, यात्रियों की सुविधाएं बढेगी

अजमेर। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अंतरिम बजट 2024 में शामिल रेलवे सेे संबंधित जानकारी गुरुवार को प्रेस वार्ता में साझा की। वैष्णव ने कहा कि गत 10 वर्षों में भारतीय रेल ने अद्वितीय विकास किया है। 10 वर्षों पूर्व के मुकाबले कई गुना बजट राज्यों में विभिन्न रेल परियोजनाओं के लिए दिया गया है। लगातार विभिन्न यात्री सुविधाओं में वृद्धि की जा रही है, अमृत स्टेशन बनाए जा रहे हैं, एक स्टेशन एक उत्पाद स्टॉल लगाई जा रही है।

विद्युतीकरण, दोहरीकरण व नई लाइन डालने का कार्य तीव्र गति से जारी है। नई वंदेभारत ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। वंदे भारत स्तर के 40 हजार डिब्बे ट्रेनों में लगाए जाएंगे। रेल मंत्री ने बताया कि 2009 से 2014 में राजस्थान को 682 करोड़ का बजट मिला था जबकि 2024 -25 के बजट में राजस्थान को 9782 करोड़ का बजट आवंटित किया गया है।

राजस्थान में 98 प्रतिशत रेल मार्ग का विद्युतीकरण कार्य पूर्ण हो चुका है। 85 स्टेशनों को अमृत स्टेशन बनाया जा रहा है। 1367 फ्लाईओवर व अंडरपास पिछले 10 वर्षों में राजस्थान में रेल मार्ग के अंतर्गत बनाए गए हैं। 54 स्टेशनों पर वन स्टेशन वन प्रोडक्ट स्टॉल लगाई गई है।

प्रेस वार्ता में अजमेर मंडल से मंडल रेल प्रबंधक राजीव धनखड़, अपर मंडल रेल प्रबंधक बलदेवराम व वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुनील कुमार महला तथा मीडिया प्रतिनिधि आनलाइन जुड़े।