IPL 2026 : दिल्ली कैपिटल्स ने मुम्बई इंडियंस को छह विकेट से हराया

0

नई दिल्ली। समीर रिजवी (90) और पथुम निसंका (44) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने अपने घरेलू मैदान पर शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के आठवें मुकाबले में मुम्बई इंडियंस को छह विकेट से शिकस्त दी। यह टूर्नामेंट में दिल्ली कैपिटल्स की लगातार दूसरी जीत है।

163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने मात्र सात रन के स्कोर अपने दो विकेट गंवा दिए। पहला ओवर कर रहे दीपक चाहर की चौथी गेंद पर केएल राहुल (एक) विकेट के पीछे लपके गये। अगले ओवर में जसप्रीत बुमराह ने नीतीश राणा को बिना खाता खोले ही पवेलियन भेज दिया। दिल्ली कैपिटल्स का तीसरा विकेट 10वें ओवर में पथुम निसंका के रूप में गिरा। उन्हें मिचेल सैंटनर ने आउट किया।

पथुम निसंका ने 30 गेंदों में छह चौके और एक छक्का उड़ाते हुए 44 रन बनाए। शतक की ओर बढ़ रहे समीर रिजवी को 17वें ओवर में कॉर्बिन बॉश ने आउट कर पवेलियन भेज दिया। समीर रिजवी और डेविड मिलर के बीच चौथे विकेट के लिए 78 रनों की मैच विजयी साझेदारी हुई। समीर रिजवी ने 51 गेंदों में सात चौके और सात छक्के उड़ाते हुए 90 रनों की पारी खेली। दिल्ली कैपिटल्स ने 18.1 ओवर में चार विकेट पर 164 रन बनाकर छह विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। डेविड मिलर 18 गेंदों में 21 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्हें विजयी चौका लगाया।

समीर रिज़वी के 90 रन आईपीएल में मुम्बई के खिलाफ किसी दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले 2013 में सहवाग ने नाबाद 95 और 2018 में जेसन रॉय ने नाबाद 91 रन बनाए थे। उनके द्वारा लगाए गए सात छक्के भी मुम्बई के खिलाफ किसी दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज द्वारा लगाए गए संयुक्त रूप से सबसे अधिक छक्के हैं; इस मामले में वह 2019 के पंत और 2024 के स्टब्स के साथ बराबरी पर हैं। मुम्बई इंडियंस के लिए दीपक चाहर, कॉर्बिन बॉश और मिचेल सैंटनर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव (51) और रोहित शर्मा (35) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर मुम्बई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ छह विकेट पर 162 रनों का स्कोर बनाया। दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी मुम्बई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 17 के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिए।

रॉयन रिकलटन (नौ) और तिलक वर्मा (शून्य) परआउट हुए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए सूर्यकुमार यादव ने रोहित शर्मा के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 53 रनों की साझेदारी हुई। 10वें ओवर में अक्षर पटेल ने रोहित शर्मा को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। रोहित शर्मा ने 26 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का लगाते हुए 35 रनों की पारी खेली। इसके बाद 12वें ओवर में विप्रज निगम ने शरफेन रदरफोर्ड (पांच) को आउट कर पवेलियन भेज दिया।

16वें ओवर में लुंगी एन्गिडी ने सूर्यकुमार यादव को पगबाधा आउट कर मुम्बई को पांचवां झटका दिया। सूर्यकुमार यादव ने 36 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लगाते हुए 51 रनों की पारी खेली। नमन धीर ने 21 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए 28 रन बनाए। मुम्बई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 162 रनों का स्कोर बनाया। मिचेल सैंटनर 18 रन बनाकर नाबाद रहे। दिल्ली कैपिटल्स के लिए मुकेश कुमार ने दो विकेट लिये। लुंगी एन्गिडी, अक्षर पटेल, विप्रज निगम और टी नटराजन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।