होर्मुज पर ट्रंप की धमकी के बाद ईरान का पलटवार, होर्मुज पर हमारा ही नियंत्रण

0

तेहरान/वाशिंगटन। ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कड़ी चेतावनी के बाद पलटवार करते हुए कहा है कि उसकी सैन्य क्षमता पूरी तरह बरकरार है और वह क्षेत्रीय सुरक्षा तथा जलडमरूमध्य की स्थिति को नियंत्रित करने में सक्षम है।

ईरान के उप रक्षा मंत्री रेज़ा तलाएई-निक ने ईरानी मीडिया में आए बयान में कहा कि क्षेत्र में जारी हमले यह दर्शाते हैं कि ईरानी बल रणनीतिक भंडार और स्वदेशी उत्पादन पर निर्भर रहते हुए प्रभावी कार्रवाई कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बीते दो दशकों में मिसाइल और ड्रोन निर्माण में किए गए निवेश के कारण इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) अब सटीक और प्रभावी हमले करने में सक्षम है।

उन्होंने दावा किया कि युद्ध के शुरुआती चरणों की तुलना में अब मिसाइल और ड्रोन हमलों की सटीकता में वृद्धि हुई है और तटीय क्षेत्रों, जहाजों तथा अंदरूनी ठिकानों से क्रूज़ मिसाइलों के जरिए हमले इसकी पुष्टि करते हैं।

होर्मुज जलडमरूमध्य पर टिप्पणी करते हुए तलाएई-निक ने कहा कि ईरानी सशस्त्र बल इस जलमार्ग की सुरक्षा को वास्तविक रूप से नियंत्रित और परिभाषित करते हैं। यह जलडमरूमध्य वैश्विक तेल और एलएनजी आपूर्ति का लगभग 20 प्रतिशत वहन करता है।

इससे पहले अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी थी कि यदि वह 48 घंटों के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह नहीं खोलता है तो अमरीका उसके विद्युत संयंत्रों पर हमले करेगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा था कि अमरीका सबसे बड़े संयंत्र से शुरुआत करते हुए ईरान के ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाएगा।

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य की स्थिति को लेकर तनाव लगातार बढ़ रहा है। इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग के बाधित होने से वैश्विक ऊर्जा बाजारों में अस्थिरता और भू-राजनीतिक चिंताएं गहरा गई हैं। ईरान ने फिलहाल चुनिंदा जहाजों को गुजरने की अनुमति दी है, जबकि अमरीका द्वारा जलडमरूमध्य की सुरक्षा के लिए गठबंधन बनाने का प्रयास अब तक व्यापक समर्थन हासिल नहीं कर सका है।