जयपुर। राजस्थान में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के दौरान निर्वाचन ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर जयपुर जिले में एक कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। चौमूं पंचायत समिति के रिजर्व मतदान दल में नियुक्त सहायक मतदान अधिकारी तृतीय को बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि संबंधित कार्मिक 22 अक्टूबर से बिना किसी सूचना के अनुपस्थित चल रहा था। रिटर्निंग अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर उसके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।
रिजर्व मतदान दल के साथ लगाया गया था कार्मिक
निर्वाचन व्यवस्था के तहत चौमूं पंचायत समिति के रिजर्व मतदान दलों को चौमूं मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, राधास्वामीबाग में ठहराया गया था। इसी दल में सहायक मतदान अधिकारी तृतीय की ड्यूटी लगाई गई थी। निर्धारित व्यवस्था के दौरान कार्मिक के अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों ने रिपोर्ट भेजी, जिसके बाद जिला निर्वाचन प्रशासन ने कार्रवाई की।
अन्य अनुपस्थित कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की तैयारी
पंचायत चुनाव में मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए नियुक्त कर्मचारियों की उपस्थिति और जिम्मेदारी को लेकर प्रशासन सख्त रुख अपना रहा है। निर्वाचन कार्य में बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले अन्य कार्मिकों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। नियमों के तहत ऐसे मामलों में संबंधित कर्मचारियों से जवाब तलब करने और आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।



