जालंधर : मंदबुद्धि लड़की को गर्भवती कर उससे पैदा नवजात को फेंका

जालंधर। मंदबुद्धि लड़की को गर्भवती करने और फिर उससे पैदा हुए बालक को एक खाली भूखंड में फेंकने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जालंधर जिले के सब डिवीजन नकोदर के पुलिस उपाधीक्षक सुखपाल सिंह ने मंगलवार को बताया कि आरोपी को पीड़ित महिला के भाई जशनदीप सिंह की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि पांच अगस्त को जशनदीप सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसकी बहन मंदबुद्धि है और उनकी माता के निधन के बाद से वह घर में अकेली रह रही थी। उसने बताया कि आरोपी चेतन सिंह निवासी चीमाकलां का उनके घर में आता था और उसकी बहन के साथ शारीरिक संपर्क बनाकर उसे गर्भवती कर दिया।

जशनदीप सिंह ने बताया कि वह काम के सिलसिले में कई दिनों से घर नहीं आ सका था और अब उसे समाचार पत्र के माध्यम से घटना का पता चला है। उसने बताया कि आरोपी चेतन ने उसकी बहन का प्रसव घर में ही करवा कर बच्चे को खाली भूखंड में फेंक दिया। नवजात बच्चे और उसकी मां को ग्राम पंचायत ने जालंधर के यूनिक होम में भर्ती करवा दिया है।

पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने आरोपी का डीएनए नमूना ले लिया है और उसका मिलान बच्चे के डीएनए से किया जाएगा ताकि आरोपी को सख्त सजा दिलाई जा सके।