झारखंड के कलझारिया में ट्रेन हादसा, दो लोगों की मौत, कई घायल

रांची। झारखंड के जामताड़ा जिले के जामताड़ा-करमाटांड़ के कलझारिया के पास ट्रेन की चपेट में आने के कारण 2 लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है।

जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है। रेलवे प्रशासन, रेल पुलिस और स्थानीय प्रशासन घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।

मृतकों में एक की पहचान मनीष कुमार मंडल पुत्र तेजनारायण मंडल निवासी सासाराम भंगहा कटिहार बिहार व दूसरा सिकंदर कुमार पुत्र आदिकाल यादव धपरी झाझा जमुई के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि डाउन लाइन से भागलपुर-यशवंतपुर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12254) गुजर रही थी। इसी बीच लाइन के किनारे डाली गई गिट्टी का डस्ट उड़ रहा था। डस्ट को देखकर चालक को संदेह हुआ कि ट्रेन में आग लग गई है और धुआं निकल रहा है। इस कारण ट्रेन को रोकते ही यात्री भी उतर गए। इसी बीच अप में जा रही इएमयू ट्रेन की चपेट में आने से दो यात्रियों की मौत हो गई। इधर, घटना के बाद भागलपुर-यशवंतपुर एक्सप्रेस कालाझरिया से खुलकर कांशीटांड़ में रुकी हुई थी।

राहत कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। मौके पर रेलवे प्रशासन, रेल पुलिस और स्थानीय प्रशासन पहुंचे और 108 एंबुलेंस से दोनों शवों को जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि, घायलों की संख्या की पुष्टि नहीं हो सकी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इएमयू ट्रेन की चपेट में आने से कई यात्री घायल भी हुए हैं। लेकिन, यशवंतपुर एक्सप्रेस खुलने के समय घायल यात्री के परिजनों ने किसी तरह रेल लाइन से उठाकर ट्रेन में बैठा लिया हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

जामताड़ा हादसे के बाद हेल्पलाइन नंबर जारी

भारतीय रेलवे ने 7679523874, 6294423832 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।
हेल्पलाइन नंबर (जामताड़ा) – 9199605431, 9641823882
हेल्पलाइन नंबर (चितरंजन)- 9641923814

प्रधानमंत्री मोदी ने जामताड़ा ट्रेन हादसे पर जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के जामताड़ा में हुए रेल हादसे पर शोक व्यक्त किया है और घायल के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। मोदी ने एक्स पर अपने शोक संदेश में कहा कि झारखंड के जामताड़ा में हुए हादसे से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।