कांग्रेस पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल हुईं सांसद गीता कोड़ा

रांची। झारखंड भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज सिंहभूम की सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा ने कांग्रेस पार्टी को छोड़कर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के समक्ष प्रदेश भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

प्रदेश अध्यक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री मरांडी, नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी सहित ज्वाइनिंग कमिटी के सदस्य विधायक ढुल्लू महतो ने पटका पहनाकर एवं पुष्प गुच्छ देकर कोड़ा का मंच पर स्वागत किया।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने और धन्यवाद ज्ञापन ढुल्लू महतो ने किया। मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता संदीप वर्मा एवंम पश्चिम सिंहभूम जिलाध्यक्ष संजू पांडेय भी उपस्थित रहे।

इस मिलन समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मरांडी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल सत्ता की भूखी पार्टी है। मधु कोड़ा के नेतृत्व में सरकार बनाकर कांग्रेस ने सारा मधु चट कर जाने के बाद गरीब आदिवासी को कोड़ा खाने के लिए छोड़ दिया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को आदिवासी हित की चिंता नहीं। केवल राजनीतिक लाभ के लिए वह आदिवासी हितैषी होने का ढोंग करती है। उन्होंने कहा कि पहले शिबू सोरेन,लालू प्रसाद यादव,अहमद पटेल ने मिलकर आदिवासियों की जल जंगल जमीन को लूटा फिर मधु कोड़ा को फंसाकर छोड़ दिया।