खण्डेलवाल प्रीमियर लीग 2026
सिरोही। खण्डेलवाल समाज की प्रतिष्ठित क्रिकेट प्रतियोगिता खण्डेलवाल प्रीमियर लीग 2026 में लगातार रोमांच अपने चरम पर पहुंचता जा रहा है। लीग चरण के अंतिम मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासित खेल भावना एवं आक्रामक प्रदर्शन से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। कड़े संघर्ष और कांटे की टक्कर के बाद मारवाड़ टाइटंस, चेन्नई सुपर किंग्स, पुणे वॉरियर्स एवं स्पार्टन ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
खंडेलवाल प्रीमियर लीग कमेटी के लोकेश खंडेलवाल ने बताया कि केपीएल अब समाज के युवाओं का सबसे लोकप्रिय क्रिकेट महाकुंभ बन चुका है। डे-नाईट मैचों के दौरान अरविंद पवेलियन खेल मैदान दूधिया रोशनी में जगमगा उठा तथा भारी संख्या में समाज बंधु, खेल प्रेमी एवं प्रवासी परिवार मुकाबलों का आनंद लेने पहुंचे। पूरे आयोजन में खेल भावना, अनुशासन एवं सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रतियोगिता का फाइनल मैच शनिवार शाम 6 बजे आयोजित होगा।
अंतिम लीग मुकाबलों में हुआ रोमांचक संघर्ष
17वें लीग मैच में आमची मुंबई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैसूर रॉयल बॉयज को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। मैसूर ने निर्धारित 12 ओवर में 69 रन बनाए। जवाब में आमची मुंबई ने सत्या के तूफानी 42 एवं लिखित के 25 रन की बदौलत मात्र 5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर एकतरफा जीत दर्ज की।
18वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने दीपू की विस्फोटक 46 रन की पारी के दम पर गुजरात वॉरियर्स को 7 विकेट से पराजित किया। बल्लेबाजों की आक्रामक शैली ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरी।
19वें मैच में पुणे वॉरियर्स ने बेहतरीन टीम प्रदर्शन करते हुए मरुधरा इलेवन को 8 विकेट से शिकस्त दी। मरुधरा ने 63 रन बनाए, जिसमें मनोज ने 23 रन का योगदान दिया। जवाब में पुणे के जयेश (24 रन) एवं कमलेश (20 रन) की संयमित बल्लेबाजी से टीम ने 8 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
20वां मुकाबला टूर्नामेंट का सबसे रोमांचक मैच साबित हुआ। विराट सुपर किंग सूरत ने निर्धारित 12 ओवर में 125 रन बनाए। जवाब में मारवाड़ टाइटंस ने अंतिम गेंद तक चले सांसें थाम देने वाले संघर्ष में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। विशाल ने 46 एवं दीपक ने 21 रन बनाकर टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई।
अंतिम लीग मैच में साउथर्न स्टार ने मुंबई इलेवन ए को पराजित किया। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 82 रन बनाए। जवाब में अमन (25 रन), अजीत (22 रन) एवं रॉकी के शानदार खेल की बदौलत साउथर्न स्टार ने 9 ओवर में लक्ष्य प्राप्त कर जीत दर्ज की।
कमेटी सदस्यों की सक्रिय भूमिका
आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान करने में KPL कमेटी के चंपत कूलवाल, दिलीप कायथवाल, लोकेश खंडेलवाल, प्रवीण नाटानी, मुकेश नाटाणी, चंद्रकांत खूंटेटा, ओमप्रकाश मेहरवाल, भरत नाटाणी, मनीष खूंटेटा, प्रवीण कूलवाल, किरण नाटाणी एवं सुरेश खूंटेटा सहित संपूर्ण टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।


