बालिका सुरक्षा को लेकर अखिल भारतीय कोली समाज की महिला विंग ने किया मंथन

0

अभिभावकों से सजग रहने और बच्चियों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनने की अपील
कोटा। अखिल भारतीय कोली समाज रजिस्टर नई दिल्ली की कोटा महिला विंग की बैठक शुक्रवार शाम टीचर्स कॉलोनी स्थित कोटा जिला अध्यक्ष निर्मला वर्मा के निवास पर आयोजित हुई। बैठक में महिला एवं बालिका सुरक्षा जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में देशभर में छोटी बच्चियों के साथ हो रही आपराधिक घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए सदस्यों ने कहा कि वर्तमान समय में महिला सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बन गई है। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए कानूनों के बावजूद घटनाओं का जारी रहना चिंता का विषय है। इसके लिए समाज को भी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए जागरूक और सतर्क रहना होगा।

प्रदेश महामंत्री निर्मला दहिया ने कहा कि अभिभावकों को अपनी बच्चियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्कूल, कॉलेज और कोचिंग भेजते समय जहां तक संभव हो, अभिभावक स्वयं उन्हें छोड़ने और लेने का प्रयास करें। साथ ही उनकी गतिविधियों पर भी नजर रखें।

प्रदेश मंत्री प्रिया जगेनिया ने कहा कि यदि बालिकाओं को रिक्शा, ऑटो, वैन या अन्य निजी वाहनों से भेजा जा रहा है तो वाहन चालक के बारे में पूरी जानकारी रखना जरूरी है। चालक का नाम, पता और अन्य विवरण सुरक्षित रखने से किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सकता है।

कोटा जिला अध्यक्ष निर्मला वर्मा ने कहा कि जल्द ही कोटा जिला कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने समाज की महिलाओं से एकजुट होकर सामाजिक कार्यों को गति देने का आह्वान किया।

बैठक में कोटा जिला महामंत्री शीला वर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने संस्था की सक्रियता बनाए रखने के लिए नियमित रूप से साप्ताहिक सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया। अंत में जिला अध्यक्ष निर्मला वर्मा ने बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया।