बार काउंसिल ने ममता बनर्जी के बार में नामांकन से संबंधित सभी विवरण मांगे

0

कोलकाता। बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) ने बुधवार को अपनी पश्चिम बंगाल इकाई को निर्देश दिया कि वह पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी के नामांकन और प्रैक्टिस की स्थिति से संबंधित विवरण अगले दो दिनों के भीतर उपलब्ध कराए।

बीसीआई का यह कदम तब आया है जब बनर्जी कलकत्ता उच्च न्यायालय में अधिवक्ताओं की पोशाक पहनकर पेश हुईं। उन्होंने मुख्य न्यायाधीश सुजॉय पॉल और न्यायमूर्ति पार्थ सारथी सेन की खंडपीठ के सामने राज्य में चुनाव बाद हुई हिंसा से संबंधित एक जनहित याचिका (पीआईएल) की सुनवाई के दौरान अपनी दलीलें रखीं।

एक पत्र में बीसीआई ने बार काउंसिल ऑफ वेस्ट बंगाल (बीसीडब्ल्यूबी) को दो दिनों के भीतर व्यापक रिकॉर्ड जमा करने का निर्देश दिया है। बनर्जी गुरुवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय की कार्यवाही में बैंड और गाउन सहित पूरी कानूनी पोशाक में शामिल हुईं, जो आमतौर पर प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ताओं द्वारा पहनी जाती है।

पत्र के माध्यम से बीसीआई ने बनर्जी के नामांकन संख्या, राज्य बार काउंसिल के साथ पंजीकरण की तारीख की पुष्टि करने को कहा है और यह भी पूछा है कि क्या उनका नाम अधिवक्ताओं की आधिकारिक सूची में दर्ज है।

बीसीआई ने पश्चिम बंगाल बार काउंसिल से यह स्पष्ट करने को भी कहा है कि क्या 2011 से 2026 तक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य करने वाली ममता बनर्जी ने सार्वजनिक पद पर रहने के दौरान कभी भी काउंसिल को कानूनी प्रैक्टिस के स्वैच्छिक निलंबन या रुकने की सूचना दी थी। यदि ऐसा कोई पत्राचार हुआ था, तो परिषद ने संबंधित आदेशों की प्रतियां मांगी हैं।

इसके अलावा, काउंसिल ने इस बारे में भी विवरण मांगा है कि क्या पद छोड़ने के बाद प्रैक्टिस फिर से शुरू करने के लिए कोई आवेदन दिया गया था और क्या वर्तमान में उनके पास वैध प्रैक्टिस प्रमाणपत्र है। परिषद ने राज्य इकाई से यह भी स्पष्ट करने को कहा कि क्या उनके मुख्यमंत्री रहने के दौरान या उसके बाद अदालत में पेश होने के अधिकार के संबंध में कोई अन्य आदेश या रिकॉर्ड मौजूद है।

बीसीआई ने निर्देश दिया है कि स्टेट रोल, नामांकन रजिस्टर, निलंबन या बहाली के रिकॉर्ड और फाइल नोटिंग सहित सभी प्रासंगिक दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां अगले दो दिनों के भीतर भेजी जाएं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि सभी दस्तावेजों की मूल प्रतियों का उचित जांच के बाद सत्यापन किया जाना चाहिए।