तबीजी संयंत्र को तीन पारियों में चलाने और वितरण व्यवस्था सुधारने की मांग
अजमेर। अजमेर जिले में पशु आहार की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। इस समस्या को लेकर अजमेर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी ने मंगलवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तबीजी स्थित पशु आहार संयंत्र से मांग के अनुरूप पशु आहार उपलब्ध कराने की मांग की।
चौधरी ने ज्ञापन में बताया कि अप्रैल 2025 से पशु आहार की आपूर्ति में कमी बनी हुई है। इसके चलते पशुपालकों को बाजार से महंगे दामों पर पशु आहार की व्यवस्था करनी पड़ रही है। पर्याप्त पोषण नहीं मिलने से पशुओं के दुग्ध उत्पादन पर भी असर पड़ रहा है, जिसका सीधा नुकसान पशुपालकों की आमदनी पर हो रहा है।
दुग्ध संकलन बढ़ा, लेकिन पशु आहार की आपूर्ति नहीं
डेयरी अध्यक्ष के अनुसार, जिले में हाल के समय में 100 से 150 नए दुग्ध संग्रह केंद्र स्थापित किए गए हैं। इससे दुग्ध संकलन में करीब 45 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। दुग्ध उत्पादन और संकलन बढ़ने के साथ पशु आहार की मांग भी बढ़ी है, लेकिन संयंत्र से पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पाने के कारण पशुपालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
तीन पारियों में संयंत्र चलाने का सुझाव
ज्ञापन में तबीजी स्थित पशु आहार संयंत्र को तीन पारियों में संचालित करने की मांग की गई है, ताकि उत्पादन क्षमता बढ़ाकर जिले की जरूरत के अनुसार पशु आहार उपलब्ध कराया जा सके। इसके साथ ही वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने और वाहनों की लोडिंग सीधे गोदाम से कराने का सुझाव भी दिया गया है। इससे आपूर्ति प्रक्रिया में लगने वाला समय कम होगा और पशुपालकों तक पशु आहार पहुंचाने में सुविधा मिलेगी।
डेयरी अध्यक्ष ने प्रशासन से इस मामले में हस्तक्षेप कर पशु आहार की नियमित और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है। उनका कहना है कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की आय का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में पशु आहार की कमी का स्थायी समाधान जरूरी है, ताकि दुग्ध उत्पादन प्रभावित न हो और पशुपालकों को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।



