लोकसभा चुनाव 19 अप्रैल से एक जून तक 7 चरणों में, मतगणना 4 जून को

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने 18वीं लोकसभा के चुनावों, चार राज्यों के विधानसभा चुनाव तथा 13 राज्यों की 26 विधानसभा सीटों के उपचुनाव 19 अप्रैल से एक जून तक 7 चरणों में कराने तथा मतगणना 4 जून को कराने ऐलान किया है। इसके साथ देश भर में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने दाेनों आयुक्तों ज्ञानेश कुमार एवं सुखबीर सिंह संधू की मौजूदगी में आज यहां विज्ञान भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में लोकसभा की सभी 543 सीटों के साथ साथ सिक्किम (32 सीटें), अरुणाचल प्रदेश (60 सीटें), ओडिशा (147 सीटें) एवं आंध्र प्रदेश (175 सीटें) की विधानसभा चुनावों एवं 13 राज्य विधानसभाओं की 26 रिक्त सीटों पर उपचुनाव के कार्यक्रम की घोषणा की। उल्लेखनीय है कि 543 लोकसभा सीटों में से 84 सीटें अनुसूचित जाति और 47 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं।

कुमार ने भारत के आम चुनाव को दुनिया में लोकतंत्र का सबसे बड़ा महापर्व करार देते हुए कहा कि आयोग ने दो साल से इसकी तैयारी की और वह हिंसा, रक्तपात, धनबल एवं दुष्प्रचार को रोकने के लिए अब तक की सबसे प्रभावी व्यवस्था के साथ आये हैं।

उन्होंने कहा कि चुनावों की शुरुआत 20 मार्च को पहली अधिसूचना के साथ होगी। पहले चरण में 19 अप्रैल को 21 राज्यों की 102 सीटों पर, दूसरे चरण में 26 अप्रैल को 13 राज्यों की 89 सीटों पर, तीसरे चरण में सात मई को 12 राज्यों की 94 सीटों पर, चौथे चरण में 13 मई को 10 राज्यों की 96 सीटों पर, पांचवे चरण में 20 मई को आठ राज्यों की 49 सीटों पर, छठवें चरण में 25 मई को सात राज्यों की 57 सीटों और सातवें चरण में एक जून को आठ राज्यों की 57 सीटों पर मतदान होगा।

22 राज्यों के लिए एक ही चरण में मतदान हाेगा। जबकि बिहार, पश्चिम बंगाल एवं उत्तर प्रदेश की सीटों के लिए सभी सातों चरणों में मतदान कराया जाएगा। चार राज्यों – कर्नाटक, राजस्थान, त्रिपुरा एवं मणिपुर में दो चरणों में, छत्तीसगढ़ एवं असम में तीन चरणों में, ओडिशा, मध्य प्रदेश एवं झारखंड में चार चरणों में, महाराष्ट्र एवं जम्मू कश्मीर में पांच चरणों में मतदान कराया जाएगा। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि सभी की मतगणना चार जून को होगी।

कुमार ने बताया कि इस बार के आम चुनाव के लिए करीब 96.8 करोड़ मतदाता पंजीकृत हैं जिनमें पुरुष मतदाता 49.7 करोड़, महिला मतदाता 47.1 करोड़ तथा ट्रांसजेंडर मतदाता 48 हजार हैं। 12 राज्यों में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक है। उन्होंने कहा कि 19.74 करोड़ मतदाता युवा वर्ग (20 से 29 वर्ष आयु) के हैं जबकि 1.82 करोड़ मतदाता 18 से 19 वर्ष आयु के हैं और मतदान के लिए पहली बार पंजीकृत किए गए हैं जिनमें 85.9 लाख महिलाएं हैं।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि 2.18 लाख मतदाता 100 वर्ष से अधिक आयु के हैं। जबकि पांच से छह लाख ऐसे मतदाता भी वोट दे सकेंगे जो एक अप्रैल को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करेंगे। उन्होंने मतदाता पंजीकरण के लिए पहले से आवेदन कर रखा था।

मुख्य चुुनाव आयुक्त के अनुसार 10.48 लाख मतदान केन्द्र स्थापित किए जाएंगे जिनमें करीब 55 लाख इलैक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) उपलब्ध करायीं जाएंगी। आयोग ने इस बार 85 वर्ष से ऊपर के 82 लाख और 40 प्रतिशत तक दिव्यांगता वाले 88.4 लाख मतदाताओं से घर से मतदान करने का विकल्प उपलब्ध कराने का फैसला किया है। चुनाव आयोग ने चुनाव प्रक्रिया की प्रभावी निगरानी के लिए 2100 पर्यवेक्षक तैनात किए हैं।

देशभर में 26 विधानसभा क्षेत्र में उप चुनाव भी होंगे

देश में लोकसभा चुनावों के साथ हिमाचल प्रदेश, गुजरात और उत्तर प्रदेश समेत 13 राज्यों के 26 विधानसभा क्षेत्रों में भी उप चुनाव कराए जाएंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने शनिवार को यहां 18वीं लोकसभा के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए कहा कि देशभर में 26 विधानसभा क्षेत्रों में भी उप चुनाव कराए जाएंगे। इन क्षेत्रों में मतदान लोकसभा के चुनाव के साथ होगा।

ये विधानसभा क्षेत्र 13 राज्यों में हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश के छह, गुजरात के पांच, उत्तर प्रदेश के चार, पश्चिम बंगाल के दो और हरियाणा, झारखंड, महाराष्ट्र, त्रिपुरा, तेलंगाना, राजस्थान, कर्नाटक, बिहार और तमिलनाडु की एक-एक विधानसभा सीट शामिल है।

बिहार के अगियान विधानसभा क्षेत्र, गुजरात के वीजापुर, खम्भात, वाघोडिया, मानावडार और पाेरबंद विधानसभा क्षेत्र, हरियाणा के करनाल विधानसभा क्षेत्र, झारखंड के गांदे विधानसभा क्षेत्र, महाराष्ट्र के अकोला पश्चिम विधानसभा क्षेत्र, त्रिपुरा के रामनगर विधानसभा क्षेत्र, उत्तर प्रदेश के दादरौल, लखनऊ पूर्व, गैनसारी और दुधी विधानसभा क्षेत्र, पश्चिम बंगाल के भगवाल गोला और बारानगर विधानसभा क्षेत्र, तेलंगाना के सिकंदराबाद छावनी विधानसभा क्षेत्र, हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला, लाहाैल स्पीति, सुजान पुर, बारसर, गागरेत और कुटलहर विधानसभा क्षेत्र, राजस्थान के बागीडोरा विधानसभा क्षेत्र, कर्नाटक के शोरापुर विधानसभा क्षेत्र और तमिलनाडु के विनावनकोडे विधानसभा क्षेत्र में उप चुनाव होगा।