राजस्थान में भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल कांग्रेस में शामिल

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी से दो बार विधायक रहे एवं लम्बे समय से भाजपा के लिए संगठनात्मक कार्य करने वाले प्रहलाद गुंजल ने अपने गुरुवार को यहां अपने सैंकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया।

गुंजल ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा एवं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के समक्ष कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव धीरज गुर्जर, विधायक हरिमोहन शर्मा, अशोक चांदना, सी एल प्रेमी बैरवा, चेतन पटेल, विकास चौधरी, जाकिर हुसैन गैसावत, सुरेश गुर्जर, डूॅंगरराम गेदर, राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष राखी गौतम सहित कई पार्टी नेता मौजूद थे।

इस अवसर पर डोटासरा ने कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष फतेह खान, राजसीको के पूर्व अध्यक्ष सुनील परिहार तथा राजस्थान विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व महासचिव नरेश मीणा की कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से किए गए निलंबन को भी रद्द करने की घोषणा की गई।

इस मौके पर डोटासरा ने कांग्रेसजनों एवं मीडिया को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज की वर्तमान परिस्थितियों में भाजपा में तानाशाही पूर्ण व्यवस्था चल रही है जिससे उसके ही अधिकांश नेता व्यथित हैं, क्योंकि चंद लोगों के हाथ में भाजपा का संगठन केन्द्रित हो गया है तथा जनता, नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

उन्होंने कहा कि जन आधार रखने वाले व्यक्तियों को भाजपा में समाप्त करने का कार्य किया जा रहा है, ऐसी स्थिति में उसके नेता गुंजल जो कोटा संभाग ही नहीं बल्कि राजस्थान प्रदेश में अपनी पहचान रखते हैं, ने भाजपा छोडक़र कांग्रेस पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया है।उन्होंने गुंजल एवं उनके समर्थकों का कांग्रेस पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि आशा है कि इनके कांग्रेस पार्टी को और मजबूती प्राप्त होगी।

गहलोत ने कहा कि आज देश में जिस तरह का माहौल है, कोई नहीं जानता कि देश किस दिशा में जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा शासन में संविधान के प्रावधानों की धज्जियां उड़ रही हैं एवं इनकम टैक्स, सीबीआई का दुरुपयोग विपक्ष की आवाज दबाने के लिए हो रहा है।

उन्होंने कहा कि इलेक्टोरल बाण्ड के माध्यम से भाजपा ने जिस तरह से चंदा लिया है यह बहुत बड़ा महाघोटाला है, पहले आंकड़े आए थे कि छह हजार करोड़ रुपए का चंदा आया है, किन्तु अब पता पड़ रहा है कि भाजपा के पास करीब 15 हजार करोड़ रुपए इस माध्यम से चंदा आया है जो कि सबसे बड़ा घोटाला है।

उन्होंने कहा कि आज ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी एवं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की है, क्योंकि कोई समझ नहीं पा रहा कि आने वाले समय में क्या होगा। उन्होंने कहा कि देश में सत्ताधारी दल विपक्षी दलों को चुनाव लड़ने के लिए बराबरी के अधिकार नहीं मिलने दे रहा है जो कि लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं पर कुठाराघात है।

उन्होंने कहा कि एक तरफ तो कांग्रेस पार्टी के बैंक खाते फ्रीज कर दिए और आश्चर्य की बात है, सम्भवत: पहली बार ऐसा हुआ है कि इनकम टैक्स में बैंक खातों से 115 करोड़ रूपए निकाल भी लिए, जो दर्शाता है कि भाजपा के शासन में शासकीय व्यवस्थाओं का दुरुपयोग हो रहा है।

गहलोत ने कहा कि आज आवश्यकता है कि केन्द्र की तानाशाही के विरुद्ध जनता के बीच जाकर संघर्ष किया जाए। उन्होंने कहा कि गुंजल की तरह के स्वाभिमानी नेताओं को भाजपा में घुटन महसूस हो रही है तथा सभी लोग भाजपा की तानाशाही का विरोध करने के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि गुंजल के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी को मजबूती मिलेगी एवं केन्द्र की तानाशाही पूर्ण नीतियों के विरुद्ध संघर्ष को बल मिलेगा। उन्होंने सभी कांग्रेसजनों से एकजुट होकर लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को विजयी बनाने के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर गुंजल ने कहा कि आज उन्होंने कांग्रेस पार्टी की रीति नीति से प्रभावित होकर कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है तथा भाजपा से 40 वर्ष पुराना संबंध समाप्त कर लिया है। उन्होंने कहा कि वह 1984 से छात्र जीवन के समय से भाजपा से जुड़े हुए थे तथा लम्बे समय तक आमजन की सेवा पार्टी में रहकर करते रहे।

किन्तु अब यह महसूस होने लगा है कि जिस प्रकार की परिस्थितियों के बाद एक बात सामने आ रही है कि सत्ता की ताकत के दम पर आम आदमी एवं भाजपा में आम कार्यकर्ता की आवाज को दबाया जा रहा है और यह प्रवृत्ति लोकतंत्र के लिए चुनौती बन गई है। उन्होंने कहा कि हम सबको अपने अंदर हौसला रखना चाहिए क्योंकि सरकार सुरक्षा के लिए होती है, भय का कारण बनने के लिए नहीं और जब-जब सरकारें भय का कारण बनेगी, नौजवान नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को उस भय के विरुद्ध हौसले के साथ मुकाबला करना चाहिए।

गुंजल के साथ कोटा से आए सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, इनमें बृजेश शर्मा, बलविन्दर सिंह, दीपक चौधरी एवं अन्य लोग शामिल हैं।