हिसार में सड़क पर भिड़े प्रेमी और मंगेतर, लड़की सूए के वार से घायल

हिसार। हरियाणा में प्रेम प्रसंग के कारण एक प्रेमी ने लड़की को उसके मंगेतर के साथ हुए झगड़े के दौरान सूए से वार कर गम्भीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने बताया कि लड़की को सिविल अस्पताल में ले जाया गया तथा आरोपी युवक संजू उर्फ बाबा को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर पहले भी हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है।

पुलिस के अनुसार संजू का लड़की के साथ गत लगभग डेढ़ साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसका पता जब परिजनों को चला तो उन्होंने लड़की की सगाई किसी दूसरे युवक के साथ कर दी। संजू और लड़की कैमरी रोड पर मिले। यहां से वे पैदल ही एक दुकान पर जा रहे थे, तभी इसकी भनक लड़की के मंगेतर को लग गई।

मंगेतर तुरंत वहां पहुंचा तथा संजू को अपने ऑटो से टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों के बीच झगड़ा हो गया। लड़की बीच-बचाव करने आई तो संजू ने पास ही एक दुकान से बर्फ तोड़ने वाले सूए से उसके मुंह पर वार कर दिए। संजू को मौके पर लोगों ने उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने पर लड़की के परिजन भी मौके पर पहुंचे तथा संजू की जमकर धुनाई कर दी। बताया जाता है कि लड़की अभी नाबालिग है और अगस्त महीने में 18 साल की होगी।