किंशासा। अफ्रीकी देश कांगो में एम23 विद्रोही समूह ने देश के पूर्वी अशांत क्षेत्र में करीब 17 नागरिकों की हत्या कर दी है। सेना ने इसके लिए एम23 विद्रोही समूह को जिम्मेदार ठहराया है।
सेना के अनुसार एम23 विद्रोहियों ने शनिवार शाम 6:30 बजे दक्षिण किवु प्रांत के वालुंगु इलाके के मुंजिंजी गांव में गांव पर अचानक हमला किया, जिसमें करीब 17 नागरिक मारे गए और कईं घर जला दिए गए। इस दौरान काफी लोग अपनी जान बचाने के लिए सेना की चौकियों की ओर भाग गए। माना जा रहा है कि ये हत्याएं विद्रोहियों के खिलाफ सेना की ओर से चलाए गए अभियान का बदला लेने के लिए की गई हैं।
एम 23, इस क्षेत्र के सबसे सक्रिय सशस्त्र समूहों में से एक है जिसने उत्तरी और दक्षिणी किवु प्रांतों में कई बार हमले किए हैं। इन हमलों में हजारों लोग बेघर हो चुके हैं तथा पहले से जारी मानवीय संकट और भी गहरा गया है।