सागर में बस के पलटने से 4 यात्रियों की मौत, 17 घायल

सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले में आज एक यात्री बस के अनियंत्रित होकर पलटने से उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई और 17 लोग घायल हुए है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सागर ज़िले के शाहगढ़ तहसील के छान बीला थाना अंतर्गत निवार घाटी पर सागर से लगभग 65 किलोमीटर की दूरी पर इंदौर से छतरपुर जा रही यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई।

मृतकों में से एक की शिनाख्त अनामिका सोनी निवासी राजनगर छतरपुर के रूप में हुई है। शेष तीन लोगों की शिनाख्त की जा रही है। इस दुर्घटना में 17 यात्री घायल हुए है। इसमें से चार लोग गंभीर रुप से घायल है। घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के पश्चात जिला अस्पताल ले जाया गया है।

इस घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर दीपक आर्य और पुलिस उप महानिरीक्षक एवं जिले के पुलिस अधीक्षक तरुण नायक तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस बल के द्वारा बस में से घायल यात्रियों को बाहर निकाला गया। बस में कुल 30 यात्री थे। मृतकों में एक महिला और तीन पुरुष हैं।