दतिया में दो पक्षों के बीच गोलीबारी, 5 की मौत 3 घायल

दतिया। मध्यप्रदेश के दतिया जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में आज दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद गोलीबारी में पांच लोगों की मौत हो गई और तीन घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रेंडा गांव में सुबह दो पक्षों के बीच विवाद के बाद हुयी गोलीबारी में दोनों पक्षों के पांच लोगों की मृत्यु हो गई और तीन घायल हो गए, जिन्हें दतिया के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान सुरेन्द्र, रामनरेश, प्रकाश दांगी, राजेंद्र और राघवेंद्र पाल के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि एक ही गांव के दांगी और पाल परिवार के बीच तीन दिन पूर्व खेत से मवेशी भगाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के लिए आज दोनों पक्षों को बैठाकर समझौता कराना था, लेकिन इससे पूर्व ही दोनों पक्षों में विवाद हो गया। पुलिस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच कर रही है।

जादू टोने के शक पर महिला की पिटाई

शहडोल। मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में जादू टोने के शक में मारपीट के मामले में पुलिस ने आज तीन महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि केशवाही कस्बे में रिन्की सोनी, सन्तोषी सोनी और सरिता सोनी ने जादू टोना के शक में निराशा अगरिया को कल उसके घर से खींच कर सड़क में सार्वजनिक रूप से पिटाई कर दी। इस मारपीट का एक ग्रामीण ने मोबाईल से वीडियो बनाकर चला दिया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल किया गया। पुलिस ने इस मामले में तीनों महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया गया है।