महिला कर्मचारी के यौन शोषण मामले में उज्जैन के डिप्टी कलेक्टर अरेस्ट

उज्जैन/बड़वानी। मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले की महिला थाना पुलिस ने एक महिला को ब्लैकमेल कर उसका यौन शोषण करने के मामले में एक डिप्टी कलेक्टर को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि एक महिला को बेहोश कर उसकी मांग में सिंदूर भर दिया। जब भी महिला की कहीं शादी की बात चलत तो वह उसका रिश्ता तुड़वा देता था और तेजाब डालने की धमकी देता था।

महिला थाना पुलिस सूत्रों ने बताया कि महिला शासकीय कर्मचारी द्वारा की गई शिकायत पर अभय सिंह खराड़ी को भोपाल से उस समय गिरफ्तार कर लिया गया, जब वे वहां मीटिंग अटेंड करने गए थे। वह फिलहाल उज्जैन में डिप्टी कलेक्टर है। अभय सिंह खराड़ी को आज न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

29 अप्रैल को महिला कर्मचारी ने अपने साथ हो रही प्रताडना के बारे में शिकायत की थी। उसने शिकायत में बताया कि 2016 में जब डॉक्टर अभय सिंह खराड़ी बड़वानी के एसडीएम थे तब, उनकी पत्नी को उन दोनों के संबंधों पर शक था। इसलिए उन्होंने शासकीय कर्मचारी के परिवार से विवाद किया था। डॉ खरारी के उसकी पत्नी से भी संबंध ठीक नहीं थे और आए दिन सड़क पर विवाद होते थे। पत्नी ने भी कई बार प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए डॉक्टर खराड़ी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कराया था। दोनों फिलहाल अलग रहते हैं और डॉक्टर खरारी अपनी पत्नी को भरण पोषण का भत्ता देता है। दोनों के तीन पुत्र हैं।

डॉ खरारी की पत्नि ने शासकीय कर्मी महिला और उसके परिवार के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज करवा दिया। प्रकरण दर्ज हो जाने पर महिला कर्मचारी परेशान हो गई और उसे अपना भविष्य खराब होता नजर आया। डॉ खरारी ने महिला कर्मचारी को आश्वस्त किया कि वह उसके प्रकरण को खत्म करवा देगा। उसने पीएससी कोचिंग देने और प्रकरण खत्म करवा देने के लिए महिला को ब्लैकमेल करते हुए उसका लगातार यौन शोषण किया।

महिला द्वारा 29 अप्रैल को शिकायत की गई थी। शिकायत में महिला का आरोप है कि डिप्टी कलेक्टर लम्बे समय से उसका शारीरिक और मानसिक शोषण कर रहा था।