पटना/भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को बिहार के मधुबनी जिले के फुलपरास और पटना जिले की फतुहा विधानसभा क्षेत्रों में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया और रोड शो किया। उन्होंने कहा कि बिहार का यह चुनाव परिवारवाद और राष्ट्रवाद के बीच की लड़ाई है। जनता एनडीए प्रत्याशियों को विजयी बनाकर विकास और राष्ट्रीय एकता की दिशा में निर्णायक संदेश देगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मिथिला की पवित्र भूमि पर इस बार कमल और तीर दोनों निशाने पर लगेंगे। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग कभी भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, वे आज वोट के लालच में आस्था की बात कर रहे हैं।
डॉ. यादव ने कहा कि पहले भारत रत्न केवल एक परिवार तक सीमित था— नेहरू, इंदिरा और राजीव गांधी को यह सम्मान मिला, जबकि अन्य राष्ट्रसेवकों की उपेक्षा की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने इस परंपरा को तोड़ते हुए कर्पूरी ठाकुर और प्रणब मुखर्जी जैसे नेताओं को भारत रत्न देकर लोकतंत्र को सशक्त बनाया।
महिलाओं के सम्मान और किसानों के सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार ने महिलाओं के खाते में सीधे आर्थिक सहायता दी, जिससे उन्हें वास्तविक आत्मनिर्भरता मिली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को महिलाओं के अधिकार और सशक्तिकरण से हमेशा जलन रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गरीब, किसान और महिला वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
डॉ. यादव ने कहा कि भाजपा में हर कार्यकर्ता को समान अवसर मिलता है। मैं न किसी सांसद का बेटा हूं, न विधायक का, केवल एक कार्यकर्ता था, लेकिन पार्टी ने मुझे मुख्यमंत्री बनने का अवसर दिया — यही सच्चा लोकतंत्र है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज भी परिवारवाद की जंजीरों में जकड़ी है, जबकि भाजपा राष्ट्रवाद और विकास की विचारधारा पर आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने धार्मिक पर्यटन को विकास से जोड़ा है। उज्जैन के ‘महाकाल लोक’ से आज लाखों लोगों की आजीविका सशक्त हुई है। इसी तरह मिथिला में सीता मैया धाम को धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने से यहां की संस्कृति और अर्थव्यवस्था दोनों को बल मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने जनसभा में कहा कि बिहार की धरती विकास और आस्था का केंद्र बनेगी। फुलपरास का फूल और भाजपा का कमल जब साथ खिलेंगे, तो तीर भी निशाने पर लगेगा। उन्होंने फुलपरास विधानसभा से एनडीए प्रत्याशी शीला मंडल के समर्थन में वोट देने की अपील की।
इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पटना जिले की फतुहा विधानसभा में रोड शो किया। सड़कों पर उमड़े जनसैलाब ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पूरे मार्ग पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर जयघोष के साथ मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने एनडीए प्रत्याशी को ऐतिहासिक बहुमत से विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि जनता का यह उत्साह आगामी 14 नवम्बर को विजय का संदेश देगा।




