इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में आज एक भीषण हादसे में एक घर में आग लगने से 8 लोगों की मौत हो गई, वहीं तीन लोग घायल हैं।
हादसे के बारे में पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तड़के लगभग चार बजे इस हादसे के बारे में सूचना मिलते ही लगभग 10 से 15 मिनट के भीतर बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गया था। आग मकान की दूसरी मंजिल तक फैल गई थी। हादसे में 3 लोगों को बचा लिया गया, लेकिन 8 लोगों की मृत्यु हो गई। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है।
उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि आग ईवी चार्जिंग प्वाइंट से लगी। ऐसा माना जा रहा है कि घर के दरवाजों में इलेक्ट्रॉनिक लॉक लगा था, जो विस्फोट के बाद फैली आग के कारण खुल नहीं पाया और घर के लोग आग की चपेट में आ गए।
उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार घर के बाहर एक ईवी कार चार्ज हो रही थी, जिसके चार्जिंग प्वाइंट में विस्फोट के कारण आग लगी। घर के अंदर लगभग 10 गैस सिलेंडर भी रखे हुए थे, जिनमें से कुछ में विस्फोट हो गया, जिसके कारण आग बहुत तेजी से फैली।
बताया जा रहा है कि इंदौर के ब्रजेश्वरी एनेक्सी इलाके का ये तीन मंजिला मकान पेशे से पॉलीमर व्यवसायी मनोज पुगलिया का है। पॉलीमर के व्यवसाय के कारण घर में कई रसायन भी रखे होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।



