अजमेर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पुष्कर घाटी स्थित प्राचीन नौसर माता मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। इस शुभ दिन पर मंदिर परिसर में शिव अभिषेक विधि-विधान, पूजा-अर्चना और भव्य अनुष्ठान आयोजित किया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर में तांता लगा रहा और भक्त भगवान शिव के दर्शन व पूजन के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे।
महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा संपन्न हुई, जिसमें कई दंपतियों ने भाग लेकर शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित किए। मंत्रोच्चार के बीच विधिपूर्वक अभिषेक कराया गया। इस दौरान शिवलिंग का मनोहारी शृंगार किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
पूजन कार्यक्रम के बाद मंदिर में महाआरती का आयोजन किया गया। आरती के समय पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
महाशिवरात्रि पर्व को खास बनाने के लिए मंदिर को रंग-बिरंगी आकर्षक रोशनी से सजाया गया, जिससे मंदिर की शोभा और भी बढ़ गई। पूरे दिन भक्तों की आस्था और भक्ति का संगम देखने को मिला।



