अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई और अन्य तीन घायल हो गए। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रैणी थाना क्षेत्र में चैनल नंबर 137 के पास सड़क किनारे खड़ी एक स्लीपर बस को पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में बस के 18 वर्षीय परिचालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
फ्यूज हो गई थी बस की लाइट
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली से उदयपुर स्थित श्रीनाथजी जा रही तीन स्लीपर बसें दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से गुजर रही थीं। इसी दौरान एक बस की लाइट में फ्यूज की समस्या आ गई। चालक ने बस को एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 137 के पास सड़क किनारे रोक दिया।
इसी दौरान बस में मौजूद परिचालक भारत लाइट की समस्या को ठीक करने में जुट गया। बताया गया कि पीछे से आ रहे ट्रेलर ने अचानक खड़ी बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि परिचालक इसकी चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
18 वर्षीय परिचालक की मौत
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान गाजियाबाद के सरस्वती विहार निवासी 18 वर्षीय भारत पुत्र सुरेश कुमार के रूप में हुई है। वहीं बस चालक फरमान पुत्र शाहिद घायल हुआ है। उसकी हालत गंभीर बताई गई है और उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही रैणी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रैणी चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया और दुर्घटना की जांच शुरू की।
यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तीनों बसों में सवार यात्रियों को सुरक्षित रूप से पिनान पहुंचाया गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस के आसपास राहत कार्य किया गया।
एक्सप्रेसवे पर खड़े वाहनों से हादसों का खतरा
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर वाहनों के खराब होने या किसी तकनीकी समस्या के कारण सड़क किनारे खड़े होने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। ऐसे मामलों में रात के समय पीछे से आने वाले वाहनों के लिए खड़े वाहन को पहचानना चुनौती बन सकता है।
अलवर क्षेत्र में इस एक्सप्रेसवे पर पहले भी कई गंभीर हादसे हो चुके हैं। अप्रैल में बस और केमिकल से भरे ट्रक की टक्कर में तीन लोगों की मौत और करीब 30 लोगों के घायल होने की घटना सामने आई थी।



