दिसपुर/इस्लामाबाद। पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा बलों के काफिले को निशाना बनाए जाने की खबर सामने आई है। लासबेला जिले के कशारी इलाके में N-25 राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस हमले में 23 से ज्यादा पाकिस्तानी जवानों के मारे जाने की शुरुआती खबरें हैं। हालांकि, मृतकों की संख्या की अभी पाकिस्तान की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
15 सैन्य वाहनों वाले काफिले को बनाया निशाना
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, घटना लासबेला के कशारी-वॉलपाट क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि फ्रंटियर फोर्स के करीब 15 वाहनों का काफिला N-25 हाईवे से गुजर रहा था। इसी दौरान काफिले को निशाना बनाकर जोरदार विस्फोट किया गया। हमले के बाद एक सुरक्षा वाहन में आग लगने की भी जानकारी सामने आई है। कई जवानों के घायल होने की खबर है। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी बेला कैंप ले जाने की बात कही गई है।
BLA ने ली हमले की जिम्मेदारी
हमले के बाद बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने इसकी जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। BLA के मुताबिक उसके फतेह स्क्वाड ने 15 फ्रंटियर फोर्स के बम डिस्पोजल पार्टी से जुड़े काफिले को निशाना बनाया। संगठन ने दावा किया कि हमले की शुरुआत IED विस्फोट से हुई और इसके बाद गोलीबारी की गई।
हालांकि, BLA के दावों और हताहतों की संख्या को स्वतंत्र रूप से पूरी तरह सत्यापित नहीं किया जा सका है। इसलिए 23 से ज्यादा मौतों के आंकड़े को फिलहाल शुरुआती रिपोर्ट के तौर पर ही देखा जा रहा है। BLA ने पाकिस्तान की 14 सैन्य चौकियों पर कब्जे का दावा किया है।
N-25 हाईवे पर बढ़ी सुरक्षा
हमले के बाद N-25 हाईवे पर आवाजाही प्रभावित होने की खबर है। यह सड़क पाकिस्तान के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और कराची को क्वेटा से जोड़ती है। बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों पर लगातार हो रहे हमलों के बीच इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। लासबेला और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान शुरू किया है। हमले के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
बलूचिस्तान में लगातार बढ़ रही हिंसा
बलूचिस्तान में अलगाववादी संगठनों और पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के बीच लंबे समय से संघर्ष चल रहा है। हाल के महीनों में सैन्य काफिलों और सुरक्षा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर कई हमले किए गए हैं। जुलाई में भी N-25 के पास बेला-विंडर क्षेत्र में पाकिस्तानी सैन्य काफिले पर हमला हुआ था, जिसमें पाकिस्तान की सेना के अनुसार 11 जवान मारे गए थे।



