चेन्नई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए आतंकवादी शब्द का उपयोग करके भारतीय जनता पार्टी के निशाने पर आ गए हैं।
खरगे ने भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर अपना हमला तेज करते हुए प्रधानमंत्री को आतंकवादी बताया। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि अन्नाद्रमुक (एआईएडीएमके) जैसी द्रविड़ पार्टी उस भगवा पार्टी के साथ कैसे गठबंधन कर सकती है, जो द्रविड़ विचारकों, तर्कवादी सुधारक पेरियार ईवी रामासामी और द्रमुक (डीएमके) के संस्थापक सीएन अन्नादुरई के आदर्शों के ही खिलाफ है।
कांग्रेस के अध्यक्ष ने एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा के साथ हाथ मिलाने को लेकर अन्नाद्रमुक पर हमला बोलते हुए पूछा कि अन्नाद्रमुक के नेता, जिनकी पार्टी का नाम ही द्रविड़ आदर्श अन्नादुरई के नाम पर रखा गया है, मोदी के साथ कैसे जुड़ सकते हैं? जो एक आतंकवादी हैं। वह समानता में विश्वास नहीं रखते। उनकी पार्टी समानता और न्याय में विश्वास नहीं रखती। ये लोग उनके साथ जुड़ रहे हैं। इसका मतलब है कि वे लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में केरल में एक चुनावी रैली के दौरान उनकी टिप्पणी अनपढ़ गुजराती ने भी काफी हलचल मचा दी थी, जिसके बाद उन्हें माफी मांगनी पड़ी थी। अब मोदी एक आतंकवादी वाले ताने को भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधने के लिए लपक लिया है।
कांग्रेस अध्यक्ष से जब पत्रकारों ने इस बारे में और पूछा, तो उन्होंने समझाया कि उनका मतलब यह था कि प्रधानमंत्री प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जैसी केंद्रीय एजेंसियों और साथ ही चुनाव आयोग का दुरुपयोग करके अपने राजनीतिक विरोधियों को धमका और आतंकित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसे इसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए क्योंकि ये एजेंसियां भाजपा के इशारे पर काम कर रही हैं।
उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा धमकाते हैं। मैंने आपसे कहा था कि आयकर विभाग, ईडी और अन्य संस्थाएं उनके हाथों में हैं। चुनाव आयोग उनकी जेब में है। मैंने कभी यह नहीं कहा (या मेरा मतलब यह नहीं था) कि वह एक आतंकवादी हैं। वह (हमें) आतंकित कर रहे हैं।
खरगे के इस तंज पर होने वाली तीखी प्रतिक्रिया का अंदाजा पहले से ही था। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कांग्रेस से माफी की मांग की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि मुझे शर्म आती है कि कांग्रेस और द्रमुक इतना नीचे गिर गए हैं कि वे भारत की जनता द्वारा लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रधानमंत्री का अपमान कर रहे हैं। उन्हें आतंकवादी कह रहे हैं। राहुल गांधी और एमके स्टालिन को इस घोर अपमान के लिए माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस और द्रमुक ने 140 करोड़ भारतीयों को अपमानित किया है, जिसमें हमारे 8 करोड़ तमिल भाई-बहन भी शामिल हैं।



