अजमेर। विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत शनिवार को भूणाबाय स्थित राजकीय महात्मा गांधी विद्यालय के आंगनबाड़ी केन्द्र में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कलक्टर लोक बंधु ने कुपोषण मुक्त अजमेर अभियान के अंतर्गत विशेष पोषण कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक महेश गुप्ता ने बताया कि कुपोषण मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत शुरू किए जा रहे इस विशेष पोषण कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में बच्चों, किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री माताओं के समुचित पोषण स्तर को सुढ़ करना तथा कुपोषण की दर को न्यूनतम करना है।
अभियान के तहत आंगनबाड़ी केन्द्रों पर बच्चों की नियमित ऊंचाई एवं वजन की जांच कर कुपोषण की पहचान एवं स्क्रीनिंग की जाएगी। गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पोषाहार वितरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इसके साथ ही ग्राम स्तर पर पोषण जागरूकता शिविर, रैली एवं स्वास्थ्य शिक्षा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। स्वयं सहायता समूहों, आशा कार्यकर्ताओं तथा जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अभियान में सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान में गर्भवती महिलाएं, धात्री माताएं, 0 से 6 वर्ष तक के बच्चे तथा किशोरी बालिकाएं प्रमुख लक्षित वर्ग होंगे। जिला प्रशासन ने आमजन से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर कुपोषण मुक्त अजमेर के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।



