भिवाड़ी में महिला से अश्लील चैट करके ब्लैकमेल करने वाला अरेस्ट

0

खैरथल तिजारा। राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने महिलाओं से सोशल मीडिया पर अश्लील चैट करके ब्लैकमेल करने वाले शातिर आरोपी को उत्तर प्रदेश में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर उनसे अश्लील बातचीत करता था और बाद में उन्हें ब्लैकमेल करता था। एक पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय ने शुक्रवार को बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी घटना के बाद से ही फरार था और अलग-अलग राज्यों में रहकर अपनी पहचान छिपा रहा था।

पुलिस ने तकनीकी सहायता और लगातार निगरानी के जरिए आरोपी का पीछा किया। आखिरकार भिवाड़ी पुलिस ने आरोपी अब्बू जिसान कुरैशी निवासी बाराबंकी को उत्तर प्रदेश के लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी पॉक्सो एक्ट सहित कई मामलों में जेल जा चुका है और उसका आपराधिक रिकॉर्ड लंबा है। बताया जा रहा है कि आरोपी महाराष्ट्र के ठाणे जिले में भी इसी तरह के अपराध में शामिल रहा है और वहां भी उसके खिलाफ मामला दर्ज है।