श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ शहर में सोमवार को सुबह बिजली के ट्रांसफार्मर की खुली तार से छू जाने के कारण एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना ने स्थानीय विद्युत निगम की कथित लापरवाही को लेकर व्यापक आक्रोश पैदा कर दिया। मृतक के परिजनों और स्थानीय निवासियों ने पुलिस थाने के सामने सड़क पर धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया और मृतक के परिवार को 25 लाख रुपए की मुआवजा राशि देने की मांग की। साथ ही उन्होंने विद्युत निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों पर लापरवाही के लिए कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान मोहम्मद अली (45) के रूप में हुई है, जो फल और सब्जी की रेहड़ी लगाकर अपना गुजारा चलाता था। पूर्वाह्न करीब साढ़े 10 बजे महंत बलवीरों माई चौक में मोहम्मद अली का हाथ बिजली के ट्रांसफार्मर की एक खुली तार से छू गया। तार में उच्च क्षमता का करंट प्रवाहित हो रहा था, जिससे मोहम्मद अली की तत्काल मौत हो गई।



