श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के गजसिंहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक विवाहित युवक को बालिका से अश्लील हरकतें करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
अदालत में पेश करने पर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि पीड़िता 13 वर्षीय बालिका अपनी नानी के पास रहकर पढ़ाई कर रही है। आरोपी युवक सूरतपाल पीड़ित लड़की का करीबी रिश्तेदार है। इस कारण उसका किशोरी के घर में आना-जाना था।
पुलिस ने बताया कि सूरतपाल 27 मार्च को उसके घर आया, तब बालिका अकेली थी। वह उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। बालिका के शोर मचाने पर वह भाग गया। पुलिस ने बताया कि बालिका की नानी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
कबाड़ का काम करने वाले अधेड ने की आत्महत्या
श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ सदर थाना क्षेत्र में कबाड़ का काम करने वाले एक व्यक्ति ने अपने घर में ही रस्सी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि चक 2-केएसआर भागीरथ नायक (42) घर में बुधवार-गुरुवार की रात अकेला था।
देर रात उसके परिजन वापस आए तो भागीरथ का शव घर में पीछे के पीछे कबाड़ के बाड़े में छत में लगे लोहे के गार्डर से लगाए फंदे पर लटकता हुआ मिला। पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंची और शव अस्पताल पहुंचाया। गुरुवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने शव परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया।
अनूपगढ़ में अज्ञात व्यक्ति द्वारा चाय वाले की हत्या
श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ में चाय दूध का मामूली सा होटल चलाने वाले एक बुजुर्ग व्यक्ति की गुरुवार देर रात अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि तड़के करीब साढ़े चार बजे एक मजदूर वहां से गुजर रहा था, तब उसने चाय वाले को खून से लथपथ पड़े देखा तो पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ईश्वरप्रसाद दलबल सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान पालीराम (68) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि मृतक राष्ट्रीय राजमार्ग 911 पर विद्युत निगम के 132 केवी जीएसएस के सामने रोड के दूसरी तरफ भौमिक सिटी के पास चाय दूध का होटल पिछले तीन वर्ष से चला रहा था। अक्सर वह रात को होटल में ही सो जाता था। श्रीगंगानगर से पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव मौके पर पहुंचे और भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस हत्यारे का पता लगा रही है।
बस की चपेट में आने से बाइक पर सवार बुजुर्ग की मौत
श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 911 पर शुक्रवार को बस की चपेट में आने से मोटरसाइकिल पर सवार एक बुजुर्ग की मौत हो गई।पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान महेंद्र सिंह (75) के रूप में हुई है। वह निकटवर्ती चक 12 पी से मोटरसाइकिल पर अनूपगढ़ बैंक से रुपए निकलवाने और घर का राशन लेने के लिए आया था।
दोपहर बाद वापस जाते समय घडसाना की ओर से आ रही रोडवेज की बस की टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि आपातकाल सेवा 108 की एंबुलेंस द्वारा उसे अनूपगढ़ के सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव अस्पताल के मुर्दाघर में सुरक्षित रखवाया है। बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई कल होगी।



