अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में राजस्थान विधानसभा परिसर में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन

1

जयपुर। राजस्थान विधानसभा परिसर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में शुक्रवार को सुबह सामूहिक योग कार्यक्रम योगोत्सव का आयोजन किया गया। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के नेतृत्व में विधानसभा के कर्तव्य द्वार पर सुबह छह बजे आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक, विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर देवनानी ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। योग स्वस्थ शरीर, संतुलित मन एवं सकारात्मक जीवन दृष्टि प्रदान करता है। शारीरिक समन्वय, मानसिक एकाग्रता और आत्मविश्वास को बढ़ाता है।

उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग तनावमुक्त जीवन, रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि तथा स्वस्थ समाज के निर्माण का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।

इससे पहले सामूहिक योगाभ्यास की शुरुआत देवनानी ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ की। कार्यक्रम में विधायक गोपाल शर्मा, गोपीचन्द मीणा, हरि सिंह रावत, शंकर सिंह रावत, ताराचन्द जैन, गीता बरवड और शोभा रानी कुशवाहा मौजूद थे। वैदिक मंगलाचरण एवं प्रार्थना के साथ सूक्ष्म व्यायाम जैसी शिथिलीकरण क्रियाएं कराई गई। योगाचार्य सत्यपाल सिंह और योगाचार्य मेघसिंह ने सामान्य योग प्रोटोकाल के अनुरूप योगासन, प्राणायम, ध्यान और शांतिपाठ कराया।

इस दौरान ताड़ासन, वृक्षासन, अर्धचक्रासन, पादहस्तासन एवं त्रिकोणासन का अभ्यास कराया गया। भद्रासन, वज्रासन, उष्ट्रासन, शशकासन, उन्तानमंडूकासन, वक्रासन और अर्ध-उष्ट्रासन का अभ्यास बैठकर कराया गया। उदर के बल लेट कर मकरासन, भुजंगासन, शलभासन, वहीं पीठ के बल लेट कर किए जाने वाले आसनों में सेतुबंधासन, उत्तानपादासन, अर्ध-हलासन, पवनमुक्तासन एवं शवासन का अभ्यास कराया गया। योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों ने प्राणायाम एवं ध्यान की विभिन्न विधियों का भी अभ्यास किया।

कार्यक्रम का समापन देवनानी ने सामूहिक संकल्प के साथ किया। देवनानी ने विश्व कल्याण, मानव एकता और स्वस्थ जीवन की कामना के साथ योग ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को सशक्त बनाते हुए सम्पूर्ण मानवता को स्वस्थ, सद्भाव और संतुलित जीवन को दिशा प्रदान करने का संकल्प कराया। योग कार्यक्रम में विधानसभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा, विशिष्ट सहायक केके शर्मा सहित विधानसभा सचिवालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

भजनलाल ने विश्व योगासन चैम्पियनशिप के पदक विजेताओं के साथ किया योगाभ्यास

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के तहत आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में शुक्रवार को यहां विश्व योगासन चैम्पियनशिप के पदक विजेताओं के साथ योगाभ्यास किया। शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर इनके साथ योगाभ्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग करना बेहद जरूरी है, इसलिए आमजन इसे अपनी जीवनशैली में जरूर अपनाएं।

उल्लेखनीय है कि अहमदाबाद में आयोजित हुई प्रथम विश्व योगासन चैम्पियनशिप में राजस्थान के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पदक जीतकर भारत का विश्व पटल पर गौरव बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने इन पदक विजेता खिलाड़ियों की हौसला-अफजाई भी की। राजस्थान के इन खिलाड़ियों ने चैम्पियनशिप में देश के लिए 10 पदक जीते, जिनमें नौ स्वर्ण पदक एवं एक रजत पदक शामिल है।