कानपुर। उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर में गोविंद नगर थाना क्षेत्र स्थित एक चार मंजिला फर्नीचर शोरूम में मंगलवार सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।
आग ने कुछ ही देर में पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जबकि लाखों रुपए का फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया।
पुलिस और अग्निशमन विभाग के अनुसार गोविंद नगर के पुराने पुल के पास स्थित गौरव फर्नीचर शोरूम में मंगलवार सुबह अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग चारों मंजिलों में फैल गई और घना धुआं करीब दो किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा। शुरुआती सूचना में कुछ लोगों के इमारत के भीतर फंसे होने की आशंका जताई गई थी लेकिन घटना में किसी के हताहत होने की सूचना फिलहाल नहीं है।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। स्थानीय लोगों ने धुआं उठता देख तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं।
आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
अधिकारियों के अनुसार आग से शोरूम में रखा बड़ी मात्रा में फर्नीचर और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।



