अलवर। राजस्थान में औद्योगिक शहर भिवाड़ी के अजंता चौक पर स्थित मनु पेपर कोट कंपनी में रविवार को आग लगने से भारी नुकसान की आशंका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्याह्न करीब 12 बजे कम्पनी में अचानक आग लग गई। आग ने थोड़ी ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और कंपनी की दूसरी मंजिल पर रखे कच्चे माल और तैयार कागज के उत्पादों को अपनी चपेट में ले लिया।
कंपनी में कागज से संबंधित कार्य होता है, जिसके कारण आग तेजी से फैली। आग की सूचना मिलते ही भिवाड़ी नगर परिषद और रीको की करीब चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। साथ ही निजी कंपनियों की दमकल गाड़ियों को भी बुलाया गया।
दमकल सूत्रों ने बताया कि चार गाड़ियां आग बुझाने में लगी हुई हैं। कागज के कारण आग तेजी से बढ़ रही है, इसलिए काबू पाने में समय लग रहा है। हालांकि किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
सूत्रों ने बताया कि नुकसान का पूरा आकलन आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही किया जा सकेगा। सूचना मिलते ही यूआईटी थाना अधिकारी प्रदीप नेहरा सहित अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए और जो भीड़ को नियंत्रित करने का काम कर रहे हैं।



